पटना में बारात से लौट रहीं स्कॉर्पियो में हाइवा ने मारी टक्कर, दूल्हे की चचेरी बहन समेत 4 की मौत

पटना: बिहार की राजधानी पटना में एक बार फिर तेज रफ्तार ने शादी की खुशियों भरे माहौल को मातम में बदल दिया। शादी समारोह से लौट रहे एक परिवार की स्कॉर्पियो भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में चार लोगों की जान चली गई, जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बाढ़ अनुमंडल के अथमलगोला थाना क्षेत्र में सवनीमा पेट्रोल पंप के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, सिकंदरा से बारात बख्तियारपुर आई थी। शादी समारोह संपन्न होने के बाद स्कॉर्पियो में सवार लोग वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सवनीमा पेट्रोल पंप के नजदीक एक अनियंत्रित हाइवा ने स्कॉर्पियो में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें बैठे लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे में ड्राइवर धीरज कुमार, दूल्हे की चचेरी बहन पूनम कुमारी, बबली कुमारी और रेणु कुमारी की मौत हो गई। वहीं, घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए कुछ घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर किया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों की जांच शुरू की। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

  

Related Articles

Post a comment