रविवार को पिता पुत्र की हत्या कर खूब लहराया हथियार, अगले ही दिन हो गया पुलिस की गोली का शिकार

वैशाली: वैशाली के विदुपुर में रविवार को पिता पुत्र की सरेआम गोली मारकर हत्या करने के आरोपी को पुलिस ने सोमवार की सुबह गोली मारी है। पुलिस की गोली हत्यारोपी के दोनों पैर में लगी है जिसके बाद गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस की गोली से जख्मी डबल मर्डर हत्यारोपी की पहचान जगदीश राय के रूप में की गई। घटना को लेकर सामने आए 2 मिनट 21 सेकेंड के वीडियो में मृतक पिता-पुत्र और हत्या का आरोपी स्पष्ट तौर पर देखे गए हैं। 60 वर्षीय मुनरिक राय जमीन पर पड़े दिख रहे हैं, उनके पीठ और कंधे से काफी मात्रा में खून निकलता दिख रहा है। आसपास बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी खड़े दिख रहे हैंm जानकारी के अनुसार एक गोली मुनरिक राय के 35 वर्षीय पुत्र जितेंद्र कुमार राय को भी लगी थी, वो वीडियो में बाइक पर बिठाकर अस्पताल ले जाते हुए दिखे हैं। हालांकि बाद में इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई थी।

इसी वीडियो में हत्याकांड का मुख्य आरोपी जगदीश राय भी अपने साथियों के साथ दिखा है। उसके एक हाथ में पिस्टल भी है और वो खुलेआम मौजूद लोगों पर पिस्टल तानता और धमकी देता दिख रहा है। वीडियो के अनुसार वहां मौजूद सभी लोग इतने दहशत में हैं कि किसी ने जगदीश राय या उसके सहयोगियों को पकड़ने की हिम्मत नहीं की। घटना को अंजाम देने के बाद करीब 24 घंटे तक जगदीश राय पुलिस से बचता रहा। वैशाली पुलिस के मुताबिक मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ सदर-1 के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी जगदीश राय को पटना के बहादुरपुर स्थित एक बॉयज हॉस्टल से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम आरोपी को लेकर वैशाली लौट रही थी। इसी दौरान पटना-महनार रोड पर रसूलपुर बाजार के पास आरोपी जगदीश राय ने भागने की कोशिश की। एक सिपाही की इंसास रायफल छीन कर वह पुलिस गाड़ी से कूद गया और जान से मारने के उद्देश्य से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। दो गोलियां पुलिस वाहन पर लगी, जिसके निशान शीशे पर मौजूद हैं।

पुलिस टीम ने आत्मरक्षा और आरोपी को काबू में करने के लिए नियंत्रित जवाबी फायरिंग की। पुलिस की ओर से चार राउंड फायरिंग की गई। इसमें आरोपी के दोनों पैरों में घुटने के नीचे गोलियां लगी। दोनों पैरों में गोली आरपार हो गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। घायल आरोपी जगदीश राय को तुरंत पुलिस हिरासत में इलाज के लिए सदर अस्पताल, हाजीपुर लाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, फिलहाल वह खतरे से बाहर है। पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। वहीं, इस हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। वैशाली के पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने बताया है कि कुछ पुलिसकर्मी भी चोटिल हुए हैं। फिलहाल मुठभेड़ किन परिस्थितियों में हुई, इसकी विस्तृत जानकारी जांच के बाद साझा की जाएगी।

  

Related Articles

Post a comment