

भोजपुर में युवक का गला दबाकर हत्या कर फेंका गया शव बरामद
- by Raushan Pratyek Media
- 21-Dec-2022
- Views
पुलिस ने शव का सदर अस्पताल में कराया पोस्टमार्टम
पीरो थाना क्षेत्र के देचना पुल के समीप रजिया-जमुआवं नहर से मंगलवार की दोपहर बरामद हुआ शव
आरा। भोजपुर जिले के पीरो थाना क्षेत्र के देचना पुल के समीप रजिया-जमुआवं नहर से मंगलवार की दोपहर एक युवक का गला दबाकर हत्या कर फेंका गया शव बरामद हुआ है। शव के मिलने से गांव एवं आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई है। इसके बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पीरो थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पीरो थानाध्यक्ष नंद किशोर सिंह अपने दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया। इसके पश्चात पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। जानकारी के अनुसार मृतक अगिआंव बाजार थाना क्षेत्र के अगिआंव बाजार गांव वार्ड नंबर 3 निवासी कृष्णा पासवान का 18 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार है एवं वह इंटर का छात्र था। इधर गुड्डू पासवान ने बताया कि इसके पिता जी के बताए जाने के अनुसार वह सोमवार की सुबह 9 बजे घर से निकला था। इसके बाद उसके मित्र द्वारा उसे शाम करीब 4 बजे अगिआंव बाजार चौक पर देखा गया था। सोमवार की रात जब वह घर वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने सोचा कि वह उनकी दूसरे मकान में खाना खाकर सो गया होगा। क्योंकि वह बराबर खाना खाकर कभी-कभी वहां सो जाया करता था।मंगलवार की सुबह उसके माता-पिता उठे और खेत में कटनी करने चले गए। जब वह शाम को वापस लौटे तो उन्हें सूचना मिली के रजिया नहर में एक युवक का शव बरामद हुआ है। जिसके बाद वे लोग पीरो थाना पहुंचे। जहां पीरो थानाध्यक्ष द्वारा उनके व्हाट्सएप पर उसका फोटो भेजा गया। जिसे देख उन्होंने उसकी पहचान की। इसके बाद मृतक के परिजन आरा सदर अस्पताल पहुंचे और शव को दाह-संस्कार के लिए वापस गांव ले गए। वहीं दूसरी और मृतक के चचेरे भाई गुड्डू पासवान ने बताया कि मौत कैसे हुई क्या पता नहीं चल पाया है। लेकिन कुछ लोगों का कहना है कि एक्सीडेंट में उसकी मौत हुई है। वही पुलिस द्वारा बनाए गए मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट के अनुसार मृतक अज्ञात युवक की मौत गला दबाकर हत्या कर एवं शव को छिपाने के उद्देश्य नहर में फेका जाना प्रतीत होता है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगा। बताया जाता है कि मृतक अपने दो भाई व एक बहन में सबसे छोटा था। मृतक के परिवार में मां संतोषी देवी व एक भाई नीतीश कुमार एवं एक बहन पूजा देवी है। घटना के बाद मृतक के घर में हाहाकार मच गया है। इस घटना के बाद मृतक की मां संतोषी देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Post a comment