तेज प्रताप यादव के ड्राइवर ने थाना में दर्ज कराया मामला, आवेदन में आकाश यादव का भी नाम
- by Manjesh Kumar
- 27-Jun-2026
- Views
पटना: तेज प्रताप यादव के आवास पर चोरी मामले में अब एक नया मामला सामने आया है। अब तेज प्रताप यादव के ड्राइवर ने धमकी दिए जाने का मामला गर्दनीबाग थाना में मामला दर्ज कराया है। तेज प्रताप यादव के ड्राइवर अनिल कुमार यादव ने चोरी मामले में गवाही नहीं देने के लिए धमकी दिए जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने गर्दनीबाग थाना में शिकायत दर्ज करवाते हुए अनिल कुमार यादव ने सुरक्षा की मांग करते हुए कहा कि शुक्रवार देर रात मोतीलाल राय की पत्नी प्रीति भारती, उनके ससुर और साली उनके घर पहुंचे। आवेदन के मुताबिक, उन्होंने गवाही नहीं देने की चेतावनी दी, साथ ही कहा कि अगर कोर्ट या पुलिस के सामने बयान दिया तो पूरे परिवार को नुकसान पहुंचाया जाएगा।
आवेदन में ‘आकाश यादव’ नाम के व्यक्ति का हवाला देकर परिवार को उठवा लेने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। अनिल यादव की पत्नी ने कहा कि घटना के समय उनके पति तेज प्रताप यादव के आवास पर थे। वह घर पर अकेली थी। इसी दौरान कुछ लोग घर पहुंचे और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। इसके बाद परिवार ने पुलिस से सुरक्षा और कार्रवाई की मांग की। इस विवाद की शुरुआत तब हुई जब तेज प्रताप यादव ने सचिवालय थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पूर्व निजी सहायक मोतीलाल राय ने उनके सरकारी आवास से करीब 20 लाख रुपये नकद और कई कीमती सामान चोरी कर लिए। शिकायत के अनुसार, 22 जून की रात ड्राइवर अनिल कुमार और एक अन्य सहयोगी ने मोतीलाल राय को बैग लेकर आवास की बाउंड्री फांदकर जाते हुए देखा था।
एफआईआर में तेज प्रताप यादव ने दावा किया है कि उनके आवास से पार्टी फंड के करीब 20 लाख रुपये नकद, दो तोला सोने की चेन, एक सोने की अंगूठी, चार पेन ड्राइव, दो हार्ड डिस्क, एक आईपैड, एक मैकबुक, एक लेनोवो लैपटॉप और चार iPhone 17 Pro Max मोबाइल चोरी हुए हैं। दूसरी ओर, मोतीलाल राय की पत्नी प्रीति भारती ने भी तेजप्रताप यादव के खिलाफ अगमकुआं थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पति को झूठे मामले में फंसाया जा रहा है। उनका कहना है कि घटना वाले दिन रात 8 बजे तक मोतीलाल तेजप्रताप यादव के साथ ही थे और उन्होंने तेज प्रताप के मोबाइल से ही वीडियो कॉल किया था। प्रीति ने यह भी आरोप लगाया कि तेज प्रताप यादव के ड्राइवर कुछ लोगों के साथ उनके घर पहुंचे।


Post a comment