राज्य के शिक्षक अभ्यर्थियों के लिए मंत्री ने सदन में की बड़ी घोषणा, TRE - 4 को लेकर भी कहा...
- by Manjesh Kumar
- 21-Jul-2026
- Views
पटना: बिहार के शिक्षक अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन सदन में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बड़ी घोषणा कर दी। शिक्षा मंत्री ने सदन में बताया कि राज्य के प्राथमिक विद्यालयों में 63047 शिक्षक सरप्लस है जिनका फेजवाइज समायोजन किया जा रहा है। राज्य के जिन स्कूलों में शिक्षकों की कमी है वहां भी शिक्षकों का समायोजन किया जा रहा है। इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि अब शिक्षकों की नियुक्ति जिला कैडर के आधार पर होगी।
शिक्षा मंत्री ने सदन में टीआरई 4 के संबंध में जानकारी दी कि अधियाचना जैसी महीने बीपीएससी को भेजी जाएगी। इसके साथ ही अगले 5 वर्षों में एक लाख शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। शिक्षा विभाग के अनुसार प्राथमिक विद्यालयों में निर्धारित मानक से अधिक 63,047 शिक्षक कार्यरत हैं। दूसरी ओर कई विद्यालय ऐसे हैं जहां शिक्षकों की कमी बनी हुई है। इस असंतुलन को दूर करने के लिए सरप्लस शिक्षकों का जरूरत वाले विद्यालयों में समायोजन किया जा रहा है, ताकि सभी स्कूलों में शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके।
शिक्षा मंत्री ने सदन में बताया कि शिक्षकों को अब जिला कैडर के तहत नियुक्त किया जायेगा। इसका अर्थ यह होगा कि जिस जिले में शिक्षक की नियुक्ति होगी, सामान्य परिस्थितियों में उसी जिले में उन्हें सेवा देनी होगी। इस व्यवस्था का उद्देश्य हर एक जिले में शिक्षकों की उपलब्धता को स्थिर बनाए रखना और बार-बार होने वाले स्थानांतरण से उत्पन्न समस्याओं को कम करना है। शिक्षा मंत्री ने स्पष्ट किया कि टीआरई-4 की अधियाचना भेजने में हुई देरी जानबूझकर नहीं, बल्कि रिक्तियों का वास्तविक आकलन करने के कारण हुई। सभी जिलों से विषयवार और विद्यालयवार शिक्षकों की कमी का विस्तृत विवरण मंगाया गया, जिसके आधार पर अंतिम रिक्तियां तैयार की गईं हैं। अब अधियाचना भेजने की प्रक्रिया अंतिम फेज में है।


Post a comment