थाना भवन के तीसरे मंजिल पर पुलिस अधिकारी का संदिग्ध हालत में शव बरामद, ट्रांसफर के बाद आज देना था योगदान

समस्तीपुर: बड़ी खबर समस्तीपुर से है जहां एक पुलिसकर्मी का शव थाना परिसर में संदिग्ध हालत में बरामद किया गया है। मामले की जानकारी मिलने के बाद जिले के पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। जिले के कई वरीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन में जुट गए। घटना मोहिउद्दीननगर थाना परिसर की है जहां तीसरी मंजिल पर स्थित एक खाली कमरे में शव फंदे से लटका हुआ था। मृतक पुलिसकर्मी की पहचान एएसआइ बबलू कुमार प्रसाद के रूप में की गई। बताया जा रहा है कि अभी हाल ही में उनका ट्रांसफर हुआ था और शनिवार को उन्हें जिले के कल्याणपुर थाना में डायल 112 में योगदान देना था।

बताया जा रहा है कि शनिवार की सुबह थाना में मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने शव देखा और अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस आत्महत्या समेत अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

मृतक बबलू कुमार प्रसाद पश्चिम चंपारण जिले के बगहा के रहने वाले थे और पिछले करीब ढाई वर्ष से मोहिउद्दीननगर थाना में डायल-112 पर तैनात थे। हाल ही में उनका तबादला कल्याणपुर में डायल-112 इकाई में हुआ था, लेकिन उन्होंने वहां अभी योगदान नहीं दिया था। समस्तीपुर में वह अकेले रहते थे, जबकि उनका परिवार बगहा में रहता है।

  

Related Articles

Post a comment