विकसित भारत और समृद्ध बिहार के लिये आत्मनिर्भर पंचायत और आत्मनिर्भर गांव का होना जरूरी - सीएम
- by Manjesh Kumar
- 28-Jun-2026
- Views
पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को मुंगेर जिला के टेटिया बम्बर प्रखण्ड के टेटिया ग्राम पंचायत में 'पंचायत विकास दिवस' कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' को भी सुना। मुख्यमंत्री ने 'पंचायत विकास दिवस' कार्यक्रम के शुभारंभ के अवसर पर उपस्थित जन समूह को संबोधित करते हुये कहा कि अब राज्य की सभी ग्राम पंचायतों में प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को 'पंचायत विकास दिवस' आयोजित किया जाएगा। इससे वर्ष में 12 अवसर ऐसे मिलेंगे, जब पंचायत प्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं ग्रामीण एक साथ बैठकर पंचायत विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा करेंगे और स्थानीय समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस निर्णय लेंगे।
सीएम ने कहा कि सहयोग शिविर का आयोजन महीने के पहले मंगलवार और तीसरे मंगलवार को किया जाता है। इसमें आप आवेदन देते हैं और आपके काम जो सरकार के स्तर पर लंबित होते हैं, उसका निष्पादन 30 दिन में किया जाता है। लगभग साढ़े तीन लाख से अधिक आवेदनों को बिहार सरकार ने निष्पादित किया। उसी तर्ज पर यह दूसरा शिविर है। ये पंचायतों के विकास की चिंता करेगा। जिस प्रकार सहयोग शिविरों के माध्यम से लाखों लंबित आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन किया गया है, उसी प्रकार पंचायत विकास दिवस ग्रामीण विकास का प्रभावी मंच बनेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायत विकास दिवस का उद्देश्य पंचायतों को गरीबी मुक्त, स्वच्छ, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाना है। इसके अंतर्गत स्वास्थ्य, शिक्षा, जल प्रबंधन, सिंचाई, पेयजल, स्वच्छता, हरित विकास, सामाजिक न्याय एवं सामाजिक सुरक्षा जैसे विषयों पर व्यापक चर्चा और कार्य योजना तैयार की जाएगी। उन्होंने सांसद, विधायक, जिला परिषद, पंचायत समिति, मुखिया, सरपंच, वार्ड सदस्य एवं पंच सहित सभी जनप्रतिनिधियों से ग्राम सभाओं के माध्यम से जनभागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायत विकास दिवस के प्रथम आयोजन की थीम 'महिला हितैषी पंचायत' रखी गई है। उन्होंने बताया कि जीविका दीदियों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है तथा बड़ी संख्या में महिलाओं को स्वरोजगार के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए सभी प्रखंडों में मॉडल स्कूल तथा 211 प्रखंडों में डिग्री कॉलेज स्थापित करने की दिशा में कार्य कर रही है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में बेहतर शिक्षा उपलब्ध हो सके। हमने सभी प्रखण्डों में मॉडल स्कूल खोलने का निर्णय लिया है। यह मॉडल स्कूल ऐसा बनेगा, जो बच्चों को उच्च गुणवता के साथ शिक्षा प्रदान करेगा। हमलोगों का सपना तब पूरा होगा, जब प्राइवेट स्कूल के बच्चे इस स्कूल में पढ़ाई करेंगे। कल हमने पटना के मिलर हाई स्कूल का निरीक्षण किया था। आज पटना कॉलेजियट एवं साइंस कॉलेज का निरीक्षण करूंगा। डिग्री कॉलेज के खुलने से बच्चे अपने गांव में ही पढ़ाई कर सकेंगे। बाहर जाकर जो प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, वे यहीं करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश में गरीबों के लिए आवास, बुनियादी सुविधाओं एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। मनरेगा की जगह विकसित भारत जी राम जी की शुरूआत की गयी है, इसमें 48 घंटे के अंदर काम को अपलोड करना होगा। केन्द्र सरकार से अगले 4-5 वर्षों में इसके तहत 50 से 70 हजार करोड़ रूपये बिहार को मिलेगा। आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने साढ़े चार करोड़ लोगों को पक्का मकान दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में पिछले 20 वर्षों में 1 करोड़ लोगों को पक्का मकान दिया गया है। प्रधानमंत्री आदरणीय नरेन्द्र मोदी जी के विकसित भारत तथा पूर्व मुख्यमंत्री आदरणीय नीतीश कुमार जी के समृद्ध बिहार बनाने के सपने को पूरा करेंगे। विकसित भारत और समृद्ध बिहार के लिये आत्मनिर्भर पंचायत और आत्मनिर्भर गांव का होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सरकार 125 यूनिट मुफ्त बिजली उपलब्ध करा रही है। भविष्य में सोलर ऊर्जा आधारित व्यवस्था विकसित कर लोगों को दीर्घकालिक एवं सस्ती ऊर्जा उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और कानून का राज हर हाल में कायम रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए भी लगातार कार्य कर रही है। 15 अगस्त से ऐसी व्यवस्था लागू करने का लक्ष्य है, जिससे अनुमंडल एवं जिला अस्पतालों में ही मरीजों का बेहतर इलाज सुनिश्चित हो और अनावश्यक रेफरल की आवश्यकता न पड़े। उन्होंने मुंगेर क्षेत्र में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं तारापुर की जनता का ऋणी हूं, जिन्होंने मुझे 46 हजार मतों से विजयी बनाकर विधानसभा भेजा। मैं यहां के लोगों का सपना पूरा करने के लिये पूरी ताकत लगा दूंगा। कार्यक्रम को गन्ना उद्योग मंत्री सह मुंगेर जिला के प्रभारी मंत्री संजय कुमार, सांसद अरुण कुमार भारती और पंचायती राज विभाग के सचिव मनोज कुमार ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम में विधायक कुमार प्रणय, विधायक नचिकेता मंडल, विधान पार्षद लाल मोहन गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, मुंगेर प्रमण्डल के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, मुंगेर प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक राकेश कुमार, जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर, पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद सहित अन्य वरीय अधिकारी समेत बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।


Post a comment