बिहार में NCB की बड़ी कार्रवाई, किराना दुकानदार के ठिकानों से साढ़े 3 करोड़ रुपए नकद समेत भारी मात्रा में...

पटना: बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है और पुलिस हर तरह के नशा बंदी प्रभावी बनाने के लिए लगातार काम कर रही है बावजूद इसके राज्य में विभिन्न तरह के नशीले पदार्थों की तस्करी नहीं रुक रही। इसी कड़ी में नारकोटिक्स ब्यूरो (NCB) की टीम ने मोतिहारी में बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में मादक पदार्थ के साथ ही करीब साढ़े 3 करोड़ रुपए बरामद किया है। बताया जा रहा है कि मोतिहारी में किराना दुकान की आड़ में मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही थी।

NCB से मिली जानकारी के अनुसार किराना दुकान की आड़ में मादक पदार्थ के अवैध कारोबार की गुप्त सूचना के आधार पर पहले एक अधिकारी ने साइकिल से कई दिनों तक रेकी की। बताया जा रहा है कि रेकी के दौरान स्थानीय लोगों ने संदेह होने पर अधिकारी को पकड़ भी लिया था जिसे बाद में टीम ने मुक्त कराया था। सूचना कन्फर्म होने पर NCB की टीम ने बीती रात किराना दुकान में छापेमारी की जहां से तीन अलग अलग ड्रम में रखे भारी मात्रा में कैश बरामद किया। बताया जा रहा है कि ड्रम में रुपयों के ऊपर तेल के पाउच रखे गए थे ताकि किसी को शक न हो। इसके बाद टीम ने गोदाम में छापेमारी की जहां से दस बोरा डोडा बरामद किया गया।

बाद में फिर NCB की टीम ने किराना दुकानदार पप्पू जायसवाल के घर पर छापेमारी की और वहां से भी कुछ नकदी बरामद किया गया। बरामद कुल नकद करीब साढ़े तीन करोड़ रूपये बताया जा रहा है जबकि भारी मात्रा में मादक पदार्थ भी जब्त किया गया है। जानकारी के अनुसार आरोपी पप्पू जायसवाल का पूरा परिवार ही नशा के कारोबार में लिप्त है। बताया जा रहा है कि उसका भाई शराब की तस्करी करता है जबकि बेटा भी शराब तस्करी के मामले में जेल जा चुका है।

  

Related Articles

Post a comment