पूर्णिया से सिलीगुड़ी तक मादक पदार्थों का अवैध कारोबार जोरों पर, पुलिस की कार्रवाई में...

पूर्णिया/सिलीगुड़ी: पूर्णिया के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस लगातार नशा तस्करों पर शिकंजा कस रही है। इसी क्रम में शहर के सहायक खजांची थाना के तहत घर में स्मैक की खरीद बिक्री करने के आरोप में पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। गुप्त सूचना के आधार पर थाना प्रभारी पुरुषोत्तम कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। नगर निगम के वार्ड नंबर 29 लाइन बाजार के पांचु मोहल्ला में स्वर्गीय जलालुद्दीन अंसारी के पुत्र मोहम्मद साहिल अंसारी के घर में छापेमारी कर पुलिस ने कुल 31 पुड़िया में 8.60 ग्राम स्मैक बरामद किया। पुलिस ने नकद 257 रुपए तीन मोबाइल फोन भी जप्त किया। पुलिस ने आरोपी मोहम्मद निजामुद्दीन और साहिल अंसारी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

भारत-नेपाल सीमा से सटे खोरीबारी थाना क्षेत्र के सिंगियाजोत इलाके में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पानी की टंकी में छिपाकर रखी गई लगभग 460 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है। इस मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार महिला की पहचान चुनचुन देवी (29) के रूप में हुई है, जो बिहार के मधुबनी जिले के मधुआपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर शनिवार को सिंगियाजोत इलाके में एक घर में छापेमारी की थी। तलाशी के दौरान घर की छत पर रखी पानी की टंकी में विशेष तरीके से छिपाकर रखी गई ब्राउन शुगर बरामद की गई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह मामला एक संगठित ड्रग्स नेटवर्क से जुड़ा हुआ है। इस नेटवर्क का कथित मास्टरमाइंड मो फारूक बताया जा रहा है, जिसे कुछ दिन पहले ही गलगलिया थाना पुलिस और एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर गिरफ्तार किया गया था। उस दौरान उसके पास से 500 ग्राम से अधिक ब्राउन शुगर बरामद हुई थी। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार महिला इस पूरे नेटवर्क में सहयोगी के रूप में काम कर रही थी और किराए की दुकान के जरिए अवैध कारोबार को संचालित किया जा रहा था। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है कि यह नशे का सामान कहां से लाया जा रहा था और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं। गिरफ्तार महिला को रविवार को सिलीगुड़ी महकुमा अदालत में पेश किया जाएगा।

  

Related Articles

Post a comment