मुहर्रम पर्व के मद्देनजर डीएम एसपी ने की शांति समिति की बैठक, की सौहार्द्रपूर्ण माहौल बनाए रखने की अपील

कटिहार: आगामी मुहर्रम पर्व को लेकर कटिहार में डीएम और एसपी ने अधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों के साथ जिलास्तरीय शांति समिति की बैठक की। विकास भवन सभागार में आयोजित जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी एवं नव नियुक्त पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार ने संयुक्त रूप से की। बैठक में जनप्रतिनिधियों, शांति समिति के सदस्यों, जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों तथा पुलिस पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में मोहर्रम पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, सांप्रदायिक सौहार्द कायम रखने तथा अफवाहों पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

शांति समिति के सदस्यों ने अपने सुझाव और पूर्व वर्षों के अनुभव साझा किए। जनप्रतिनिधियों ने भी पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने में जिला प्रशासन को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। पुलिस अधीक्षक ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों, थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने, अफवाह फैलाने और माहौल खराब करने वाले तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी प्रशासन की पैनी नजर रहेगी और भ्रामक पोस्ट या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को मोहर्रम जुलूस मार्गों, इमामबाड़ों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य पर्व को पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है। इसके लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाएगा। बैठक में महापौर उषा देवी अग्रवाल, उपमहापौर मंजूर खान, नगर आयुक्त, उप विकास आयुक्त, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, थानाध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में शांति समिति के सदस्य मौजूद थे।

  

Related Articles

Post a comment