अभ्यर्थी करते रह गए रद्द करने की मांग, BPSSC ने जारी कर दी दारोगा भर्ती मुख्य परीक्षा का परिणाम
- by Manjesh Kumar
- 19-Jun-2026
- Views
पटना: एक तरफ बिहार पुलिस दारोगा बहाली के अभ्यर्थी परीक्षा रद्द करने की मांग कर रहे हैं तो दूसरी तरफ बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग ने मुख्य लिखित परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। 27 मई को 1799 पदों के लिए आयोजित मुख्य लिखित परीक्षा में कुल 10759 अभ्यर्थियों को चयनित किया गया है। चयनित अभ्यर्थियों को अब शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा और फिर उनका चयन किया जाएगा।
बता दें कि 27 मई को परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई थी। परीक्षा में सामान्य हिंदी तथा सामान्य अध्ययन के दो पेपर शामिल थे, जिसमें कम से कम 30 अंक लाना अनिवार्य था। सामान्य हिंदी पेपर में 34302 अभ्यर्थी शामिल हुए थे जिसमें विभिन्न कारणों से 414 अभ्यर्थी अयोग्य घोषित कर दिए गए जिसमें 33726 अभ्यर्थी न्यूनतम अर्हता प्राप्त करने में सफल रहे। वहीं सामान्य अध्ययन के पेपर में 34298 अभ्यर्थी शामिल हुए थे जिसमें 998 अभ्यर्थी अयोग्य पाए गए।
बता दें कि बिहार पुलिस में दारोगा के पद पद पर भर्ती के लिए कुल 1799 पद हैं जिसमें 850 पद अनारक्षित हैं, वहीं 273 अत्यंत पिछड़ा वर्ग, 222 पिछड़ा वर्ग, 210 अनुसूचित जाति, 180 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, 42 पिछड़ा वर्ग महिला, 15 अनुसूचित जनजाति और 7 पद ट्रांसजेंडर के लिए है। वहीं 614 पद महिलाओं के लिए क्षैतिज रूप से आरक्षित हैं। जानकारी के अनुसार मुख्य परीक्षा में अनारक्षित वर्ग के लिए कट ऑफ 134 अंक जबकि महिलाओं के लिए 116.20 अंक है। वहीं पिछड़ा, ईडब्ल्यूएस, इबीसी, एससी और एसटी वर्ग के लिए भी कट ऑफ अलग से जारी किया गया है।


Post a comment