दरभंगा में युवक की मौत पर भड़का आक्रोश, 6 घंटे सड़क जाम; पुलिस वाहनों पर पथराव
- by Raushan Pratyek Media
- 27-Nov-2026
- Views
दरभंगा में युवक की मौत पर भड़का आक्रोश, 6 घंटे सड़क जाम; पुलिस वाहनों पर पथराव
बिहार के दरभंगा जिले के सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के सढ़वाड़ा गांव में 18 वर्षीय युवक की मौत के बाद ग्रामीणों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने की घटना में झुलसे कृष कुमार शर्मा उर्फ कन्हैया की मौत के बाद शुक्रवार सुबह परिजनों और ग्रामीणों ने अतरबेल-विशनपुर बाइपास सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। करीब छह घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान पुलिस के खिलाफ नारेबाजी हुई और दो पुलिस वाहनों पर पत्थर फेंके गए।
छह घंटे तक सड़क पर रहा जाम
गुरुवार देर रात पोस्टमार्टम के बाद युवक का शव गांव पहुंचा था। इसके बाद शुक्रवार सुबह करीब 7:30 बजे परिजनों और ग्रामीणों ने सढ़वाड़ा चौक पर शव रख दिया और बांस-बल्ला लगाकर सड़क जाम कर दी। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन प्रभावित रहा।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीण तीसरे नामजद आरोपित की गिरफ्तारी और सिमरी थाना पुलिस की कथित लापरवाही के मामले में कार्रवाई की मांग कर रहे थे। मौके पर पहुंची पुलिस के खिलाफ भी लोगों ने नारेबाजी की।
पुलिस वाहनों पर पथराव, मुखिया-सरपंच के घर तोड़फोड़
प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित लोगों ने पुलिस के दो वाहनों पर पत्थर फेंके, जिससे उनके लुकिंग ग्लास टूट गए। इसके अलावा ग्रामीणों ने पंचायत के मुखिया और सरपंच के घरों में घुसकर तोड़फोड़ की। इस घटना में मुखिया की मां घायल हो गईं।
जाम की सूचना मिलने के करीब एक घंटे बाद सिमरी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने लोगों से बातचीत की।
दो आरोपित जेल भेजे गए, तीसरे की गिरफ्तारी बाकी
मामले में सिमरी थाना पुलिस ने गुरुवार को दो आरोपितों को गिरफ्तार किया था। इनमें सढ़वाड़ा गांव निवासी रामवृक्ष दास के पुत्र चंदन कुमार और बालेश्वर चौधरी के पुत्र नेपाली उर्फ रवि शामिल हैं। दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था।
वहीं, तीसरे नामजद आरोपित पुलकित सहनी के पुत्र बलराम सहनी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी। इसी मांग को लेकर परिजन और ग्रामीण प्रदर्शन कर रहे थे।
एसडीपीओ के आश्वासन पर खत्म हुआ जाम
करीब छह घंटे तक चले सड़क जाम को दोपहर लगभग 1:30 बजे सदर एसडीपीओ-टू एसके सुमन के आश्वासन के बाद समाप्त कराया गया। इसके बाद सड़क पर यातायात बहाल हुआ। युवक की मौत के बाद हुई इस घटना से इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल देखने को मिला।


Post a comment