दरभंगा एयरपोर्ट से इस महानगर के लिए इंडिगो बंद करेगी उड़ान, हैदराबाद के लिए भी 3 दिन नहीं मिलेगी सेवा
- by Manjesh Kumar
- 15-May-2026
- Views
दरभंगा: मिथिलांचल इलाके का केंद्र दरभंगा में एयरपोर्ट बनने और उड़ान शुरू होने के बाद इलाके के लोगों में काफी खुशी का माहौल था लेकिन अब एक दुःख भरी खबर सामने आई है। दरअसल दरभंगा एयरपोर्ट से एक बार फिर उड़ान में कटौती की गई है। ताजा जानकारी के अनुसार अब 16 जून से दरभंगा से कोलकाता के बीच चलने वाली इंडिगो की उड़ान पूरी तरह से बंद हो जाएगी। इसके साथ ही हैदराबाद के लिए भी उड़ान की संख्या कम की जा रही है। दरभंगा एयरपोर्ट से उड़ानों की संख्या कम किए जाने से यात्रियों में आक्रोश पनपने लगा है।
जानकारी मिल रही है कि 16 जून से इंडिगो दरभंगा से कोलकाता की अपनी उड़ान पूरी तरह से बंद करने जा रही है जबकि हैदराबाद के लिए सप्ताह में चार दिन ही फ्लाइट मिलेंगी। दरभंगा से हैदराबाद के लिए अब केवल सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को कोई विमान सेवा उपलब्ध नहीं होगा। बताया जा रहा है कि नवी मुंबई एयरपोर्ट से नई उड़ानें शुरू करने के लिए विमानों का पुनर्समायोजन किया जा रहा है, जिसकी गाज दरभंगा एयरपोर्ट पर गिरी है।
दरभंगा से कोलकाता की उड़ान बंद होने से स्थानीय कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति है। स्थानीय यात्रियों ने बताया कि कोलकाता के लिए उड़ान सेवा शुरू होने से लोग इलाज, व्यापार और पढ़ाई के लिए नियमित आवागमन करने लगे थे, उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। करीब पांच साल पहले शुरू हुई इस सेवा के बंद होने से अब लोगों को फिर से लंबी रेल यात्रा या पटना एयरपोर्ट का रुख करना पड़ेगा। हैदराबाद रूट में कटौती से आईटी प्रोफेशनल्स और कनेक्टिंग फ्लाइट लेने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। स्थानीय लोगों ने कहा कि दरभंगा एयरपोर्ट उत्तर बिहार के किए लाइफलाइन बन चुका है और यहां लगातार यात्रियों की संख्या बढ़ती का रही है लेकिन सुविधाएं बढ़ने के बदले कम की जा रही है। दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु के रूट पर पहले से ही किराया आसमान छू रहा है।


Post a comment