बिहार के भोजपुर में अनिश्चितकालीन अनशन शुरू, भरत तिवारी एनकाउंटर में न्याय मिलने की मांग

भोजपुर: बीते दिनों भोजपुर जिला के शाहपुर थानांतर्गत बिलौटी गांव में कथित एनकाउंटर में युवक भरत तिवारी की मौत का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा। एनकाउंटर के दिन से ही मामले में पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगा है साथ ही अब इस मामले ने पूरी तरह से राष्ट्रीय स्तर पर राजनीतिक रंग ले लिया है। भरत तिवारी के एनकाउंटर का विरोध सबसे अधिक उसके ग्रामीण और आसपास के गांव के लोग कर रहे हैं। इसी कड़ी में सोमवार से गांव में अब न्याय मिलने तक लोगों ने अनिश्चितकालीन अनशन शुरू कर दी है। अनशन बेतिया से पहुंचे सामाजिक कार्यकर्ता सचिन मिश्रा ने अपना मुंडन करवा कर शुरू की है।

इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता सचिन मिश्रा ने कहा कि भरत भूषण तिवारी की मौत एक फर्जी मुठभेड़ का परिणाम है और मामले में शामिल दोषी पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी तक उनका अनशन जारी रहेगा। अनशन स्थल पर मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए सचिन मिश्रा ने कहा कि भरत भूषण तिवारी के परिजनों को न्याय दिलाना उनकी प्राथमिकता है। जब तक निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन को और तेज किया जाएगा। अनशन की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों और क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग समर्थन देने के लिए बिलौटी पहुंचने लगे हैं। अनशन स्थल पर जुटे लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

समर्थकों ने कहा कि भरत भूषण तिवारी के परिजनों को न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा। लोगों ने कहा कि यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा। अनशन स्थल पर दिनभर लोगों का आना-जाना लगा रहा। वहीं स्थानीय प्रशासन की गतिविधियों पर भी लोगों की नजर बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों को सजा मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा।

  

Related Articles

Post a comment