बिहार पुलिस सिपाही भर्ती का फाइनल रिजल्ट जारी, 19838 अभ्यर्थियों को मिली सफलता

केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) के अध्यक्ष ने प्रेस वार्ता में दी जानकारी

पटना: केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) ने बिहार पुलिस में सिपाही के 19 हजार 838 पदों पर भर्ती के लिए अंतिम चयन सूची और परीक्षा परिणाम जारी कर दिया है। यह जानकारी चयन पर्षद के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने बुधवार को पुलिस मुख्यालय सरदार पटेल भवन स्थित सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि यह भर्ती प्रक्रिया विज्ञापन संख्या 01/2025 के तहत आयोजित की गई थी। लिखित परीक्षा जुलाई-अगस्त 2025 में छह चरणों में हुई थी, जबकि शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) 15 दिसंबर 2025 से 11 मार्च 2026 तक पटना में आयोजित की गई।

भर्ती प्रक्रिया में कुल 17 लाख 6 हजार 628 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। इनमें से 13 लाख 30 हजार 121 अभ्यर्थी लिखित परीक्षा में शामिल हुए। लिखित परीक्षा के आधार पर 99,690 अभ्यर्थियों को पीईटी के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया, जिनमें से 79,932 अभ्यर्थी शारीरिक परीक्षा में शामिल हुए। इसमें 50,477 पुरुष, 29,426 महिलाएं और 29 ट्रांसजेंडर अभ्यर्थी शामिल थे। पीईटी में प्रदर्शन के आधार पर कुल 19,838 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। इनमें 16,852 अभ्यर्थियों का चयन बिहार पुलिस तथा 2,986 अभ्यर्थियों का चयन बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस के लिए हुआ है। चयनित अभ्यर्थियों में 12,509 पुरुष, 7,312 बिहार मूल की महिलाएं और 17 ट्रांसजेंडर अभ्यर्थी शामिल हैं।

आरक्षण श्रेणी के अनुसार सामान्य वर्ग के 7,935, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 1,983, पिछड़ा वर्ग के 2,381, अत्यंत पिछड़ा वर्ग के 3,571, अनुसूचित जाति के 3,174, अनुसूचित जनजाति के 199 तथा पिछड़े वर्ग की महिलाओं के 595 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। अध्यक्ष ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को 20 जून 2026 से 19 जुलाई 2026 तक संबंधित नियुक्ति प्राधिकार के समक्ष योगदान देना होगा। अंतिम परिणाम और चयन सूची csbc.bihar.gov.in⁠ पर भी उपलब्ध है, जिसे देखा जा सकता है।

  

Related Articles

Post a comment