भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में कोर्ट का बड़ा आदेश, एसडीएम, एसएचओ समेत 11 पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार करने का दिया निर्देश
- by Manjesh Kumar
- 10-Aug-2026
- Views
भोजपुर: बड़ी खबर भोजपुर जिला मुख्यालय आरा से है जहां सीजेएम कोर्ट ने भरत तिवारी के कथित एनकाउंटर मामले में बड़ा आदेश जारी किया है। कोर्ट ने कथित एनकाउंटर मामले में एसडीएम, एसएचओ समेत कुल 11 पुलिसकर्मियों के खिलाफ गैरजमानती वारंट जारी किया है। इसके साथ ही कोर्ट ने पुलिस को आदेश दिया है कि सभी आरोपियों को 12 अगस्त तक गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करे। इसके साथ ही भोजपुर के एसपी को भी निर्देश दिया है कि कोर्ट में पेश हो कर मामले में अब तक की कार्रवाई की जानकारी दें।
मामले में भरत तिवारी के परिवार के अधिवक्ता संजीव कुमार सिंह ने कहा कि उनकी ओर से कोर्ट में आरोपियों की गिरफ्तारी, जांच की प्रगति और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों से जुड़ी जानकारी मांगी गई थी। कोर्ट ने इन प्रार्थनाओं को स्वीकार करते हुए पुलिस से कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी है। वकील के मुताबिक वारंट तत्कालीन एसडीएम संजीत कुमार, तत्कालीन एसडीपीओ राजेश कुमार शर्मा, तत्कालीन थानाध्यक्ष राजेश मालाकार, अंकित आर्यन, हरिश्चंद्र कुमार, विकास कुमार, एएसआई रमाशंकर यादव समेत 11 लोगों के खिलाफ जारी हुआ है। एसटीएफ जवान अक्षय कुमार को इस मामले में पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
अधिवक्ता ने दावा किया कि जांच के दौरान एसडीएम संजीत कुमार का नाम सामने आया है और परिवार की ओर से उन्हें मामले की कथित साजिश का मुख्य आरोपी बताया गया है। उन्होंने मोबाइल, सीसीटीवी फुटेज और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच का भी जिक्र किया। वकील ने यह भी दावा किया कि तत्कालीन एसडीपीओ राजेश कुमार शर्मा से पुलिस मुख्यालय में पूछताछ की गई है। हालांकि इन दावों पर पुलिस की विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है। इधर, भरत तिवारी की मां आशा देवी और भाई चंदन ने कोर्ट के आदेश पर संतोष जताया है। परिवार ने कहा कि उन्हें न्यायालय पर पूरा भरोसा है और दोष साबित होने पर आरोपियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए।


Post a comment