बाहुबली नेता आनंद मोहन की जेल से रिहाई रद्द, सुप्रीम कोर्ट ने कहा सरेंडर करें
- by Manjesh Kumar
- 26-Nov-2026
- Views
पटना: सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा फैसला देते हुए बिहार के बाहुबली नेता और पूर्व सांसद आनंद मोहन की जेल से रिहाई रद्द कर दी तथा एक महीने के अंदर सरेंडर करने का आदेश दिया है। वर्ष 1994 में गोपालगंज के तत्कालीन डीएम जी कृष्णैया हत्याकांड मामले में सुप्रीम कोर्ट ने आनंद मोहन की रिहाई रद्द कर दी है। इसके साथ ही कोर्ट ने बिहार मैनुअल में हुए बदलाव को भी गलत बताया है। कोर्ट ने आनंद मोहन को एक महीने के अंदर सरेंडर करने का आदेश दिया है। कोर्ट ने सुनवाई के दौरान कहा कि रिहाई के लिए जेल मैनुअल में किया गया बदलाव सही नहीं है। इसके साथ ही कोई फैसला लेने से पहले पीड़ित पक्ष को भी सुनवाई और अपना पक्ष रखने का मौका मिलना चाहिए।
बता दें कि 26 नवंबर 1994 को एक प्रदर्शन के दौरान भीड़ ने गोपालगंज के तत्कालीन डीएम जी कृष्णैया को गाड़ी से खींच कर पीट पीट कर हत्या कर दी थी। इस मामले की जांच में पूर्व सांसद आनंद मोहन भी दोषी पाए गए थे। हाई कोर्ट ने सुनवाई के दौरान लोकसेवक के विरुद्ध हिंसा समेत अन्य आरोपों के तहत उन्हें उम्रकैद की सजा सुनाई थी। इसके बाद आनंद मोहन सुप्रीम कोर्ट गए और वहां हाई कोर्ट के फैसले को सही ठहराया गया। इसके बाद राज्य सरकार ने जेल मैनुअल में बदलाव किया तथा उसके आधार पर 14 साल तक जेल में रहने के बाद 24 अप्रैल 2023 को आनंद मोहन जेल से बाहर आए थे।
बिहार सरकार के द्वारा जेल मैनुअल में बदलाव और आनंद मोहन की रिहाई के विरुद्ध दिवंगत डीएम जी कृष्णैया की पत्नी ने सुप्रीम कोर्ट में रिट याचिका दायर की, जिसे जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस शील नागू ने स्वीकार कर सुनवाई की। सुनवाई के दौरान पीठ ने जेल मैनुअल में बदलाव को असंवैधानिक बताया तथा आनंद मोहन की रिहाई रद्द करते हुए एक महीने के अंदर सरेंडर करने का आदेश दिया है। इस दौरान कोर्ट ने कई टिप्पणी भी की और पीड़ित पक्ष को सुनने की भी बात कही।


Post a comment