बोधगया में कठिन चीवरदान समारोह का आयोजन, कई देशों के बौद्ध श्रद्धालु हुए शामिल
- by Raushan Pratyek Media
- 24-Nov-2026
- Views
बोधगया में कठिन चीवरदान समारोह का आयोजन, कई देशों के बौद्ध श्रद्धालु हुए शामिल
विश्व शांति की कामना के साथ बौद्ध भिक्षुओं को दिया गया चीवरदान, बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार रहे मुख्य अतिथि
गया जी: भगवान बुद्ध की पावन ज्ञानस्थली बोधगया में कठिन चीवरदान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। बुद्धा इंटरनेशनल वेलफेयर मिशन मॉनेस्ट्री के प्रांगण में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में भारत सहित विश्व के कई देशों के बौद्ध भिक्षुओं और श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस अवसर पर बौद्ध भिक्षुओं को पारंपरिक रूप से चीवरदान किया गया। कार्यक्रम में बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
समारोह में वियतनाम, थाईलैंड, लाओस, कंबोडिया और कनाडा सहित कई देशों से आए बौद्ध भिक्षुओं और श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। सभी ने भगवान बुद्ध के बताए मार्ग पर चलने, मानवता की सेवा करने और विश्व में शांति एवं सद्भाव स्थापित करने का संदेश दिया।
बुद्धा इंटरनेशनल वेलफेयर मिशन मॉनेस्ट्री के प्रभारी भंते आर्यपाल ने बताया कि कठिन चीवरदान समारोह का आयोजन वर्ष में एक बार किया जाता है। इसी परंपरा के तहत इस वर्ष भी बौद्ध भिक्षुओं के बीच चीवरदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि इस समारोह में विभिन्न देशों के बौद्ध भिक्षुओं की भागीदारी से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बौद्ध धर्म और उसकी परंपराओं के प्रति लोगों की आस्था और जुड़ाव प्रदर्शित होता है।
भंते आर्यपाल ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान विश्व शांति के लिए विशेष प्रार्थना भी की गई। समारोह का मुख्य उद्देश्य भगवान बुद्ध के शांति, करुणा, अहिंसा और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि बोधगया वह पवित्र भूमि है, जहां भगवान बुद्ध को ज्ञान की प्राप्ति हुई थी और यहीं से उनके ज्ञान का प्रकाश पूरी दुनिया में फैला।
उन्होंने कहा कि बोधगया से पूरे विश्व में अमन, चैन और शांति का संदेश पहुंचे, इसी कामना के साथ समय-समय पर धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। ऐसे आयोजन विभिन्न देशों के बौद्ध समुदायों को एक मंच पर लाने के साथ ही आपसी सद्भाव और भाईचारे को भी मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार की उपस्थिति भी विशेष आकर्षण रही। समारोह के दौरान बौद्ध परंपराओं और धार्मिक मान्यताओं के अनुरूप चीवरदान किया गया तथा विश्व में सुख, समृद्धि और शांति की कामना की गई।
कठिन चीवरदान समारोह के माध्यम से एक बार फिर बोधगया की अंतरराष्ट्रीय धार्मिक और आध्यात्मिक पहचान सामने आई। विभिन्न देशों से आए बौद्ध श्रद्धालुओं की सहभागिता ने इस आयोजन को विशेष बना दिया।


Post a comment