बिहार पवेलियन में दिखी विकास और विरासत की झलक, 55 से अधिक स्टॉल बने आकर्षण का केंद्र

IITF 2026: बिहार पवेलियन में दिखी विकास और विरासत की शानदार झलक, 55 से अधिक स्टॉल बने आकर्षण का केंद्र

नई दिल्ली: 45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF) 2026 में पार्टनर स्टेट बिहार अपनी गौरवशाली विरासत, समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं और विकास की नई संभावनाओं को आकर्षक अंदाज में प्रदर्शित कर रहा है। भारत मंडपम के हॉल नंबर-2 में स्थापित बिहार पवेलियन में राज्य की कला, हस्तशिल्प, पर्यटन, उद्योग और निवेश से जुड़ी उपलब्धियों को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया है। इस वर्ष मेले की थीम 'विकास और विरासत' रखी गई है, जिसके अनुरूप बिहार पवेलियन को भव्य रूप दिया गया है।

बिहार सरकार के उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार और दिल्ली में बिहार सरकार के स्थानिक आयुक्त मनोज कुमार सिंह ने बिहार पवेलियन का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण किया और वहां प्रदर्शित उत्पादों की सराहना की। कार्यक्रम में भारत सरकार के पंचायती राज मंत्रालय की संयुक्त सचिव पलका साहनी भी मौजूद रहीं।

निवेशकों के लिए बिहार में नए अवसर

उद्घाटन के अवसर पर उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार ने कहा कि इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर बिहार की गौरवशाली विरासत, समृद्ध संस्कृति और विकास यात्रा को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने लोगों, निवेशकों, उद्यमियों और उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधियों को बिहार पवेलियन का भ्रमण करने का आमंत्रण दिया।

उन्होंने कहा कि बिहार में तेजी से विकसित हो रहे औद्योगिक इकोसिस्टम और निवेश के अनुकूल नीतिगत ढांचे को समझने का यह अच्छा अवसर है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य सरकार विनिर्माण और निवेश को प्रोत्साहित करने की दिशा में काम कर रही है। सरकार का उद्देश्य बिहार में नए उद्योगों की स्थापना को बढ़ावा देना और रोजगार के अवसरों का विस्तार करना है।

बिहार म्यूजियम की विशेष गैलरी बनी आकर्षण

बिहार पवेलियन में राज्य की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। यहां कला, हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पादों के साथ-साथ राज्य में हो रहे औद्योगिक विकास की जानकारी भी दी जा रही है।

पवेलियन में बिहार म्यूजियम की विशेषताओं को प्रदर्शित करने के लिए अलग से एक गैलरी बनाई गई है। इसमें बिहार की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रस्तुत की गई हैं। इसके अलावा निवेश और उद्योग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अलग स्टॉल भी स्थापित किया गया है।

कुंदन कुमार ने कहा कि बिहार की औद्योगिक क्षमता और उपलब्ध संभावनाओं से निवेशकों को परिचित कराना सरकार की प्राथमिकता है। सरकार चाहती है कि निवेशक बिहार में उद्योग और मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित करें तथा राज्य के आर्थिक विकास में भागीदार बनें।

55 से अधिक स्टॉल पर प्रदर्शित हो रहे बिहार के उत्पाद

बिहार सरकार के स्थानिक आयुक्त मनोज कुमार सिंह ने बताया कि बिहार पवेलियन में 55 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉलों के माध्यम से राज्य की पारंपरिक विरासत, कला, हस्तशिल्प और स्थानीय औद्योगिक उत्पादों को प्रदर्शित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि व्यापार मेले का उद्देश्य बिहार के उद्यमियों और स्थानीय उत्पाद निर्माताओं को व्यापक बाजार उपलब्ध कराना है। इससे उनके उत्पादों को नए ग्राहक मिलेंगे और उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय बाजार की जरूरतों तथा संभावनाओं को समझने का अवसर मिलेगा।

विरासत के साथ आधुनिक विकास का संदेश

इस वर्ष बिहार पवेलियन के माध्यम से राज्य की पारंपरिक विरासत को आधुनिक औद्योगिक संभावनाओं से जोड़ने का प्रयास किया गया है। यहां आने वाले आगंतुकों को बिहार की कला, संस्कृति, हस्तशिल्प, पर्यटन और स्थानीय उत्पादों के साथ-साथ औद्योगिक विकास और निवेश के अवसरों की जानकारी मिल रही है।

बिहार पवेलियन केवल राज्य की सांस्कृतिक पहचान और उपलब्धियों को प्रदर्शित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह निवेशकों, उद्यमियों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ संवाद का भी महत्वपूर्ण मंच बन रहा है। इसके माध्यम से बिहार को निवेश के नए केंद्र के रूप में प्रस्तुत करने और राज्य के स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।

  

Related Articles

Post a comment