बिहार के स्कूलों में शामिल की जाएंगी राजस्थान की विशिष्टताएं : तिवारी

शिक्षा मंत्री ने राजस्थान कोचिंग नीति की ली जानकारी। राजस्थान की उपमुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री और स्पीकर से की मुलाकात

पटना: बिहार के स्कूलों में राजस्थान की विशिष्टताएं शामिल की जाएंगी। उक्त वक्तव्य बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने अपने एक दिवसीय जयपुर दौरे पर कई प्रमुख नेताओं और शिक्षाविदों से मिलने के बाद कही। उन्होंने कहा कि शिक्षा में सुधार और नवाचार का गहन अध्ययन करने बिहार से टीम जयपुर जाएगी। बिहार की शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक तकनीक, नवाचार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण पद्धतियों से सशक्त बनाने के विजन के साथ प्रदेश के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने सोमवार को राजस्थान का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने दोनों राज्यों के शिक्षण व्यवस्था पर अनुभव साझा किया। राज्य की स्कूली शिक्षा व्यवस्था, मॉडल स्कूलों के संचालन तथा कोचिंग नीति के अलावा बिहार में शिक्षा सुधार की संभावनाओं पर भी व्यापक विचार विमर्श किया। 

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने जयपुर में राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी से मुलाकात कर बिहार की शिक्षा में हो रहे सुधार की जानकारी साझा की। इस प्रवास के क्रम में शिक्षा मंत्री ने विधानसभा अध्यक्ष व पूर्व शिक्षा मंत्री रहे वासुदेव देवनानी से शिष्टाचार भेंट कर गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था को कारगर और प्रभावी तरीके से लागू करने के उनके अनुभवों को जाना। वे उनके अनुभवों को सुनकर काफी अभिभूत हुए। उन्होंने मॉडल स्कूलों के संचालन और कोचिंग नीति से जुड़े विभिन्न पहलुओं की भी जानकारी ली।

इसके बाद मिथिलेश तिवारी ने राजमाता नरेंद्र कंवर और राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के साथ दिन का भोजन एक साथ किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा मंत्री दिलावर से राज्य में चल रहे नवाचार और शिक्षा में चल रहे सुधार की तकनीकी जानकारी ली। इसमें उन्होंने शिक्षण पद्धति, डिजिटल लर्निंग, परीक्षा उन्मुख प्रशिक्षण, शैक्षणिक अनुश्रवण एवं विद्यार्थियों के मार्गदर्शन से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस एक दिवसीय दौरे के अनुभव से शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी काफी उत्साहित दिखे। उन्होंने आशा व्यक्त की कि राजस्थान से प्राप्त अनुभव और जानकारियां बिहार में शिक्षा क्षेत्र के विकास के लिए उपयोगी सिद्ध होंगी।

  

Related Articles

Post a comment