आजादी के बाद भी विकास से कोसों दूर बड़कागांव का टोला बिनवा के ढाह, विधायक ने ली सुधि
- by Manjesh Kumar
- 28-Sep-2026
- Views
मुजफ्फरपुर: जिले के कांटी विधानसभा क्षेत्र के मड़वन प्रखंड के बड़का गांव स्थित बिनवा के ढाह टोला के ग्रामीण आज भी विकास की बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। करीब दो हजार की आबादी वाले इस टोले तक पहुंचने के लिए मुख्य सड़क से कोई पक्की सड़क नहीं है। ग्रामीणों को पगडंडी और संकरे रास्ते से आवागमन करना पड़ता है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी बदतर हो जाती है। कीचड़ और जलजमाव के बीच आवागमन ग्रामीणों के लिए बड़ी चुनौती बन जाता है।
ग्रामीणों की समस्याओं को जानने के लिए सोमवार को स्थानीय विधायक ई अजीत कुमार टोले में पहुंचे और लोगों से सीधे संवाद कर उनकी परेशानियां सुनीं। ग्रामीणों ने बताया कि टोले में सामाजिक कार्यक्रमों के लिए एक भी भवन नहीं है। बच्चों को पढ़ाई के लिए तीन से चार किलोमीटर दूर स्कूल जाना पड़ता है। बिजली के पोल और तार जर्जर होने के कारण आए दिन बिजली आपूर्ति बाधित रहती है। टोले में सोलर लाइट की भी व्यवस्था नहीं है। ग्रामीणों ने आंगनबाड़ी केंद्र समेत कई अन्य सुविधाओं की मांग विधायक के समक्ष रखी।
विधायक ई अजीत कुमार ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि मुख्य सड़क से टोले को जोड़ने के लिए जी रामजी योजना अथवा विधायक मद से जल्द काम कराया जाएगा। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र, स्कूल तथा प्रकाश व्यवस्था के लिए संबंधित अधिकारियों से बात कर समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। मौके पर पैक्स अध्यक्ष निरंजन सुमन, रंजीत सिंह, पप्पू गुप्ता, श्रीकांत तिवारी, गुड्डू भगत, विश्वनाथ प्रताप सिंह, मालती देवी, राजू शाही, रमेश महतो, शिवनाथ महतो, अजीत तिवारी, मुन्ना मियां समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
मुजफ्फरपुर से रूपेश कुमार की रिपोर्ट


Post a comment