विधायक ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात, स्पेशल एनडीपीएस कोर्ट के स्थापना की मांग

पटना: सदर विधायक विजय खेमका ने बिहार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर पूर्णिया में स्पेशल एनडीपीएस कोर्ट की स्थापना तथा एयरपोर्ट के विस्तार एवं आधुनिकी करण के लिए बड़ी राशि उपलब्ध कराने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने मुख्यमंत्री को पूर्णिया आगमन का न्योता भी दिया। विधायक ने पूर्णिया मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के नवनिर्मित भवन में पुराने वार्डों को शीघ्र शिफ्ट करने तथा अस्पताल को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने का आग्रह मुख्यमंत्री से किया। पूर्णिया के लिए स्वीकृत एवं प्रस्तावित कई महत्वपूर्ण योजनाओं को शीघ्र गति देने का अनुरोध भी विधायक ने मुख्यमंत्री से किया। इनमें जीरोमाईल बरसानी में आधुनिक बस टर्मिनल, जीरोमाईल का सौंदर्यीकरण, प्लेनेटोरियम विद्युत ग्रिड, संग्रहालय, नगर वन, शहर के बस स्टैंड का आधुनिकीकरण, सिटी गुरुद्वारा एवं जगन्नाथ मंदिर का जीर्णोद्धार, सौरा नदी रिवर फ्रंट तथा जिला स्कूल स्टेडियम मैदान में डे-नाइट क्रिकेट के लिए फ्लड लाइट निर्माण प्रमुख हैं।

विधायक ने मुख्यमंत्री को पूर्णिया में चल रही विभिन्न निर्माणाधीन योजनाओं यथा भट्ठा बाजार में खादी मॉल, रंगभूमि मैदान के समीप स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, थाना चौक पर राजकीय पुस्तकालय, जैल चौक के पास मौसम विज्ञान केंद्र तथा रानीपतरा एवं अब्दुल्लानगर में पावर सब-स्टेशन सहित अन्य योजनाओं की कार्य प्रगति की जानकारी दी। विधायक ने पंचायतों और नगर निकाय के वार्डों में लगातार आयोजित हो रहे सरकारी सहयोग शिविरों की सफलता और उससे आम लोगों को मिल रहे लाभ से भी मुख्यमंत्री को अवगत कराया। विधायक ने पूर्णिया नगर निगम की निष्क्रियता के कारण शहर के विकास कार्यों में आ रही कठिनाइयों का विषय भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने विभिन्न विभागों में रिक्त पदों पर शीघ्र सक्षम अधिकारियों की पदस्थापना करने का आग्रह किया, ताकि विकास एवं जनकल्याण से जुड़े कार्यों में प्रशासनिक गति लाई जा सके। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विधायक को आश्वस्त किया कि वे शीघ्र पूर्णिया का दौरा करेंगे।

  

Related Articles

Post a comment