TRE 4 का आवेदन प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही BPSC ने किया स्थगित, अगली तारीख...
- by Manjesh Kumar
- 31-Aug-2026
- Views
पटना: लंबे समय से छात्र की मांग और आंदोलन के बाद बिहार लोक सेवा आयोग ने आखिरकार टीआरई 4 परीक्षा की अधिसूचना जारी की और मंगलवार से आवेदन की प्रक्रिया शुरू होनी थी। अब आयोग ने आवेदन प्रक्रिया शुरू होने से ठीक एक दिन पहले इसे टाल दिया है। इस संबंध में बीपीएससी ने सूचना जारी की है जिसमें कहा गया है कि विज्ञापन संख्या 14/2026 के तहत विद्यालय अध्यापक भर्ती परीक्षा के चौथे चरण यानी TRE-4.0 के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 1 सितंबर 2026 से शुरू होने वाली थी। अब आयोग ने इस प्रक्रिया को फिलहाल स्थगित कर दिया है। यानी अभ्यर्थी 1 सितंबर से TRE-4.0 के लिए ऑनलाइन आवेदन नहीं कर पाएंगे।
TRE-4.0 के तहत बिहार के शिक्षा विभाग में विद्यालय अध्यापकों के कुल 32,388 खाली पदों पर नियुक्ति की जानी है। इन पदों के लिए बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को आवेदन करना है। ऐसे में आवेदन प्रक्रिया टलने की खबर से उन उम्मीदवारों को झटका लगा है, जो 1 सितंबर से आवेदन शुरू होने का इंतजार कर रहे थे। आयोग ने अपने नोटिस में आवेदन प्रक्रिया टालने की वजह भी बताई है। BPSC के अनुसार प्रक्रियात्मक बदलाव के कारण 1 सितंबर से प्रस्तावित ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया को स्थगित किया गया है। इसका मतलब है कि आवेदन से जुड़ी प्रक्रिया में कुछ बदलाव किए जा रहे हैं। आयोग ने अभी आवेदन शुरू होने की नई तारीख की घोषणा नहीं की है।
BPSC ने साफ किया है कि इस विज्ञापन से जुड़ी नई तारीख की घोषणा जल्द की जाएगी, इसलिए TRE-4.0 की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को आयोग की अगली सूचना का इंतजार करना होगा। नई तारीख सामने आने के बाद ही उम्मीदवार ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। TRE-4.0 के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को फिलहाल परेशान होने की जरूरत नहीं है। 1 सितंबर से आवेदन शुरू नहीं होगा, इसलिए इस तारीख को लेकर कोई जल्दबाजी करने की जरूरत नहीं है। उम्मीदवार BPSC की ओर से जारी होने वाली अगली सूचना पर नजर रखें। नई तारीख जारी होने के बाद आवेदन की प्रक्रिया शुरू होगी। आयोग ने भी संबंधित तारीख की घोषणा जल्द करने की बात कही है।


Post a comment