थाना के सामने फायरिंग कर भागे बदमाश का पुलिस ने 12 किलोमीटर तक किया पीछा, फिर 3 को...
- by Manjesh Kumar
- 23-Aug-2026
- Views
पटना: राजधानी पटना के मनेर थाना के सामने शनिवार रात बेखौफ अपराधियों के फायरिंग किए जाने के बाद एक तरफ जहां इलाके के लोगों में सनसनी और दहशत का माहौल हो गया वहीं दूसरी तरफ पुलिस भी सकते में आ गई। हालांकि फायरिंग की घटना के तुरंत बाद पुलिस हरकत में आज और अपराधियों का करीब 12 किलोमीटर तक पीछा कर दबोच लिया। मामले को लेकर दानापुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमरेन्द्र कुमार झा ने बताया कि रात करीब साढ़े आठ बजे बाइक सवार तीन अपराधियों ने थाना के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने हथियार लहराते हुए एक राउंड हवाई फायरिंग की और दानापुर की ओर फरार हो गए।
अचानक गोली चलने से सड़क पर मौजूद राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रजनीश के नेतृत्व में पुलिस ने अपराधियों का पीछा शुरू किया और करीब 12 किलोमीटर दूर छितनावां नई सड़क के पास तीनों को पकड़ लिया। तलाशी में एक देसी कट्टा, एक कारतूस, मोटरसाइकिल बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनेर के रामनगर निवासी गौतम कुमार, दानापुर गोला पर निवासी गोविंद कुमार और गोलू कुमार के रूप में हुई है। तीनों दहशत फैलाने के इरादे से फायरिंग कर रहे थे। तीनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।


Post a comment