लंबे समय बाद एकसाथ दिखे तेज - तेजस्वी, रक्षाबंधन के लिए दिल्ली में जुटा था लालू परिवार लेकिन..

पटना: बीते विधानसभा चुनाव से पहले और बाद में लालू परिवार में आए दरार के लंबे समय बाद रक्षाबंधन के अवसर पर सभी एक साथ दिखे। रक्षाबंधन के अवसर पर छः बहनों के साथ तेज प्रताप यादव और तेजस्वी यादव दिखे। दोनों भाइयों ने एक साथ सभी बहनों से राखी बंधवाई। रक्षाबंधन के मौके पर मीसा भारती, चंदा, रागिनी, हेमा, अनुष्का और राजलक्ष्मी यादव ने अपने भाइयों को राखी बांधी। लालू परिवार की बेटियों में रोहिणी आचार्या को छोड़कर बाकी छह बहनें दिल्ली में मौजूद रहीं। तेज प्रताप ने तस्वीरें पोस्ट करते हुए भाई-बहन के रिश्ते और बचपन की यादों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वक्त के साथ लोग बड़े हो जाते हैं, लेकिन भाई-बहन का प्यार और बचपन की यादें दिल में बनी रहती हैं।


लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी, मीसा भारती और तेजस्वी यादव गुरुवार को ही पटना से दिल्ली पहुंच गए थे। इसके बाद रक्षाबंधन का त्योहार परिवार ने दिल्ली में साथ मनाया। मीसा भारती ने बताया कि उनकी ज्यादातर बहनों की शादी दिल्ली और उसके आसपास हुई है और वे वहीं रहती हैं। इसी वजह से भाई भी रक्षाबंधन के समय दिल्ली पहुंचते हैं और पूरा परिवार एक साथ त्योहार मनाता है। परिवार के लगभग सभी सदस्य दिल्ली में जुटे, लेकिन रोहिणी आचार्या नजर नहीं आईं। बताया गया कि वह इस समय सिंगापुर में हैं। हालांकि, रक्षाबंधन पर वह मायके क्यों नहीं आईं, इसकी वजह सामने नहीं आई है। रोहिणी और उनके भाई तेजस्वी के बीच पिछले कुछ समय से विवाद की खबरें आती रही हैं।

  

Related Articles

Post a comment