देर रात मॉल में घूम रहे थे तेज प्रताप तभी पहुंच गई पुलिस, पहले किया गिरफ्तार फिर पहुंचा दिया बेऊर जेल

पटना: राजद सुप्रीमो लालू यादव के बड़े बेटे एवं जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने शनिवार को छात्रों के बिहार बंद को खुल कर समर्थन दिया और वह प्रदर्शन के दौरान छात्रों के बीच भी पहुंचे थे। अब इस मामले में पुलिस ने उन्हें देर रात गिरफ्तार कर लिया और फिर कोर्ट के निर्देश पर बेऊर जेल भेज दिया। दरअसल तेज प्रताप यादव प्रदर्शन के दौरान छात्रों के बीच पहुंचे थे जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया था। हालांकि कुछ देर बाद वह बाहर आ गए थे लेकिन फिर देर रात पुलिस ने उन्हें ट्रेस कर एक मॉल में घूमते हुए गिरफ्तार कर लिया तथा देर रात ही ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया। मजिस्ट्रेट ने तेज प्रताप यादव को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

शनिवार सुबह तेज प्रताप यादव गांधी मैदान के गेट नंबर-10 के पास प्रतिमा पर चढ़कर प्रदर्शन का नेतृत्व करते नजर आए। इसके बाद वह कोतवाली और गांधी मैदान थाना क्षेत्र में छात्र संगठनों के प्रदर्शन में भी शामिल रहे। उनके साथ बड़ी संख्या में छात्र और समर्थक मौजूद थे। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई और कई जगह पथराव भी हुआ था। इस घटना में गांधी मैदान थानाध्यक्ष अखिलेश मिश्रा, टीओपी प्रभारी प्रमोद कुमार समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने तेज प्रताप यादव के खिलाफ कार्रवाई शुरू की

मामले में पटना के एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने बताया कि तेज प्रताप यादव को दंगा फैलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। बिहार बंद के दौरान तेज प्रताप यादव हाथ में तिरंगा लेकर छात्रों के साथ प्रदर्शन करते दिखे थे। देर रात पुलिस टीम ने तेज प्रताप का लोकेशन ट्रेस किया और सिटी सेंटर मॉल पहुंची और उन्हें दोबारा हिरासत में लेकर नौबतपुर थाने ले गई। वहां उनसे पूछताछ की गई।

नौबतपुर में तेज प्रताप यादव का मेडिकल कराया गया, इसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने सुनवाई के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में बेउर जेल भेज दिया। गिरफ्तारी की कार्रवाई के दौरान पटना पश्चिमी के एसपी और लॉ एंड ऑर्डर-2 की एसडीपीओ कोमल मीणा मौके पर मौजूद थीं। उस समय तेज प्रताप यादव के साथ उनके निजी सहायक और अन्य सहयोगी भी मौजूद थे। बिहार पुलिस मुख्यालय के मुताबिक, बिहार बंद के दौरान हुई हिंसा और उपद्रव के मामले में अब तक 423 लोगों को हिरासत में लिया गया है। यह कार्रवाई राज्य के 10 सबसे अधिक प्रभावित जिलों में की गई है। इनमें अकेले पटना से करीब 100 लोगों को डिटेन किया गया है।

  

Related Articles

Post a comment