शेखपुरा में दो दिवसीय श्रावणी महोत्सव की तैयारी जोरों पर, डीएम ने किया निरीक्षण

शेखपुरा: बरबीघा प्रखंड अंतर्गत पंचबदन स्थान, कुसेड़ी में 27 एवं 28 अगस्त को श्रावणी महोत्सव-2026 का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और आयोजन को सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई, पर्याप्त शुद्ध पेयजल तथा प्रकाश की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए प्रवेश और निकास व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के साथ आकर्षक प्रवेश द्वार बनाने का भी निर्देश दिया गया है।

महोत्सव के दौरान होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर मंच, ध्वनि, प्रकाश सहित अन्य आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था समय पर पूरी करने को कहा गया है। संभावित भीड़ को देखते हुए विधि-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने तथा यातायात को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए आयोजन स्थल पर एंबुलेंस और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध रखने को कहा गया है। जिला प्रशासन ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए समय पर तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया है। साथ ही श्रद्धालुओं से शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में महोत्सव में शामिल होने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

  

Related Articles

Post a comment