शेखपुरा में छात्रों ने कॉलेज के विरुद्ध खोला मोर्चा, लगाए अवैध वसूली समेत कई अन्य आरोप
- by Manjesh Kumar
- 31-Aug-2026
- Views
शेखपुरा: शेखपुरा में छात्रों ने रिजल्ट में गड़बड़ी, गलत तरीके से अनुपस्थित किए जाने और विभिन्न मदों में कथित अनावश्यक शुल्क वसूली के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। छात्र नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक उनकी जायज मांगों का समाधान नहीं होगा, तब तक अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। छात्रों ने 15 प्रमुख सवालों के साथ प्रशासन को घेरा है। उनका आरोप है कि Semester-1 से Semester-5 तक कई छात्रों का रिजल्ट क्लियर नहीं हुआ है, बावजूद इसके अगली परीक्षाएं ली जा रही हैं। परीक्षा देने के बावजूद छात्रों को अनुपस्थित दिखाने, कम अंक देने, रिजल्ट सुधार के नाम पर 700 रुपए, बोनाफाइड सर्टिफिकेट के लिए 100 रुपए, करैक्टर सर्टिफिकेट के लिए 100 रुपए, इंटर्नशिप के नाम पर 800 रुपए तथा अन्य शुल्क वसूलने पर छात्रों ने सवाल उठाए।
छात्रों ने आरोप लगाया कि चार साल का कोर्स पूरा करने में 6-7 साल लग रहे हैं, जिससे उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है। आंदोलन में छात्र नेता आलोक यादव, बिट्टू कुमार, रंजन कुमार, शिवम कुमार, अंजली कुमार, चांदनी कुमारी, अश्मिता कुमारी, सान्या मल्लिक और शैका मल्लिक समेत दर्जनों छात्र-छात्राएं मौजूद थे। छात्रों का आरोप है कि आंदोलन के दौरान प्राचार्य ने पहले हाथापाई की और वीडियो बनाने के दौरान मोबाइल तोड़ दिया। साथ ही पुलिस बुलाकर छात्रों को जबरन हटाने का प्रयास किया गया। छात्रों ने कहा—अब सवाल नहीं, जवाब चाहिए; छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बंद होना चाहिए।


Post a comment