शेखपुरा में भ्रष्टाचार की डीएम ने खोली पोल, पहले प्रखंड कार्यालय का किया औचक निरीक्षण, फिर गुमटी से बरामद किए कई आधिकारिक दस्तावेज...

शेखपुरा: जिला पदाधिकारी शेखर आनंद ने शुक्रवार को शेखपुरा प्रखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्था की पोल खोलने वाली कई गंभीर गतिविधियों की जांच की। निरीक्षण के दौरान कार्यालय परिसर के समीप स्थित एक संदिग्ध गुमटी पर छापेमारी की गई। गुमटी की तलाशी में जमीन से जुड़े कई महत्वपूर्ण कागजात, सरकारी रसीदें, आधार कार्ड, पैन कार्ड समेत नकद राशि बरामद होने के बाद प्रशासन ने तत्काल गुमटी को सील कर दिया। पूरे मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं।

प्रखंड कार्यालय के निरीक्षण के दौरान आगत-निर्गत पंजी, बायोमैट्रिक उपस्थिति, कर्मचारियों की सेवा पुस्तिका, योजनावार पंजी और प्रखंड स्तरीय बैठकों की अनुपालन पंजी की बारीकी से जांच की गई। डीएम ने अधिकारियों से वृद्धा पेंशन, राशन कार्ड, भूमि के खाता-खसरा व रकबा ऑनलाइन दर्ज करने, शौचालय निर्माण और पेयजल आपूर्ति की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से आम लोगों को मिल रही सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों की उपस्थिति को लेकर भी सख्त निर्देश दिए गए।

डीएम ने स्पष्ट किया कि सरकारी कार्यालयों में बिचौलियों की गतिविधि किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संदिग्ध गुमटी से मिले दस्तावेजों और अन्य सामानों ने प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा दिया है। मौके पर अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, भू-अर्जन पदाधिकारी सह वरीय प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, जिला विकास पदाधिकारी सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, बीडीओ और सीओ समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। डीएम ने सभी अधिकारियों को जनसमस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से निपटारा करने की कड़ी हिदायत दी।

  

Related Articles

Post a comment