दो कारों से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद, पांच अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

शेखपुरा: जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो कारों से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद कर पांच अंतरराज्यीय शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों वाहनों को भी जब्त कर लिया गया है। उत्पाद विभाग की टीम ने कोरमा थाना क्षेत्र के कटारी गांव स्थित तीनमुहानी के पास घेराबंदी कर सबसे पहले एक एसयूवी-500 कार को पकड़ा। तलाशी के दौरान वाहन से टुनी व्हाइट विदेशी शराब की 375 एमएल की 144 बोतलें, कुल 54 लीटर शराब बरामद की गई।

मामले में झारखंड के चतरा जिले के सिंदुआरी निवासी वाहन चालक अनीश कुमार और करमा गांव निवासी दिलीप कुमार को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद पुलिस ने एक स्विफ्ट डिजायर कार को रोका, जिसमें 375 एमएल की 96 बोतलें टुनी व्हाइट विदेशी शराब बरामद हुई। इस वाहन से चालक पिंटू कुमार, विवेक कुमार रजक तथा श्रवण कुमार रजक को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपी झारखंड के चतरा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं।

उत्पाद थानाध्यक्ष सह उत्पाद निरीक्षक अमित आनंद ने बताया कि इन तस्करों के संबंध में विभाग को कई बार सूचना मिली थी, लेकिन हर बार वे पुलिस को चकमा देकर फरार हो जाते थे। इस बार एसआई अजय कुमार, एएसआई स्मृति कुमारी और सशस्त्र बलों की टीम ने रणनीति बनाकर घेराबंदी की और सभी को दबोच लिया। गिरफ्तार पांचों तस्करों को मेडिकल जांच के बाद न्यायिक हिरासत में भेजते हुए शेखपुरा जेल भेज दिया गया है।

  

Related Articles

Post a comment