CM और दो Deputy CM आज लोक भवन में लेंगे शपथ, मंत्रिमंडल विस्तार मई में...

पटना: नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद छोड़ कर राज्यसभा जाने की घोषणा के बाद बिहार में राजनीतिक हलचल तेज हो गई थी। लंबे समय तक चली गहमा गहमी के बाद आखिरकार मंगलवार को नीतीश कुमार ने अपना इस्तीफा दे दिया वहीं सम्राट चौधरी को नए मुख्यमंत्री के रूप में चुना गया। सम्राट चौधरी बुधवार को लोक भवन में शपथ ग्रहण करेंगे। बताया जा रहा है कि बुधवार को सम्राट चौधरी के साथ कैबिनेट के अन्य सदस्य शपथ नहीं लेंगे बल्कि सिर्फ दो उप मुख्यमंत्री ही शपथ लेंगे।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को सीएम सम्राट के साथ सिर्फ दो अन्य मंत्री ही शपथ लेंगे जिन्हें उप मुख्यमंत्री बनाया जायेगा। जदयू के वरिष्ठ नेता विजय चौधरी और विजेंद्र प्रसाद यादव भी सम्राट चौधरी के साथ शपथ लेंगे जिन्हें उप मुख्यमंत्री बनाया जायेगा। वहीं खबर मिल रही है कि सम्राट कैबिनेट का विस्तार मई के पहले सप्ताह में किया जायेगा। वहीं अन्य मंत्रियों की सूची पर अगले दो से तीन दिनों के बाद काम आरंभ होगा।

बता दें कि विजय चौधरी नीतीश कुमार के खास लोगों में गिने जाते हैं साथ ही वे जदयू के वरिष्ठ नेता भी हैं। नीतीश कुमार के करीबी विजय चौधरी राजनीति में आने से पहले बैंक में अधिकारी थे। उनके पिता भी विधायक थे, और पिता के निधन के बाद 1982 में दलसिंहसराय विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस की टिकट पर उपचुनाव लड़ा था और जीत दर्ज की थी। 1990 तक वह कांग्रेस विधायक के रूप में रहे और 2005 में वह नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली पार्टी जदयू में शामिल हो गए। वर्तमान में वह सरायरंजन विधानसभा से विधायक हैं और बिहार की सरकार में कई महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं।

वहीं वरिष्ठ नेता विजेंद्र यादव भी अनुभवी राजनीतिज्ञों में शामिल हैं। वर्तमान में वह उर्जा विभाग, वित्त और वाणिज्यकर विभाग के मंत्री हैं। वह 1990 से सुपौल विधानसभा क्षेत्र से लगातार चुनाव जीत रहे हैं। एक समय में वह जदयू के प्रदेश अध्यक्ष एक रूप में भी काम कर चुके हैं। विजेंद्र यादव पहली बार लालू सरकार में मंत्री बने थे।

  

Related Articles

Post a comment