गांधी मैदान में सम्राट कैबिनेट विस्तार से पहले PM मोदी के रोड शो में नीतीश भी होंगे शामिल, इस बात के लिए निशांत भी मान गए
- by Manjesh Kumar
- 06-May-2026
- Views
पटना: गुरुवार को सम्राट कैबिनेट का शपथ ग्रहण ऐतिहासिक गांधी मैदान में होने जा रहा है। शपथग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए गृह मंत्री अमित शाह पटना पहुंच चुके हैं जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को ही पटना आयेंगे। बताया जा रहा है कि शपथग्रहण समारोह में पीएम और गृह मंत्री के साथ ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री के साथ ही अन्य कई वरीय नेता शामिल होंगे।
PM मोदी के साथ नीतीश कुमार भी शामिल होंगे रोड शो में
सम्राट कैबिनेट विस्तार और शपथ ग्रहण को लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है। एक तरफ गांधी मैदान में जहां भव्य पंडाल का निर्माण किया गया है वहीं सुरक्षा का भी पुख्ता इंतजाम किया गया है। बुधवार को ही गांधी मैदान को SPG ने अपने घेरा में ले लिया। सूत्रों से जानकारी मिल रही है कि शपथ ग्रहण से पहले पीएम मोदी पटना में रोड शो भी करेंगे जिसमें बिहार के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी शामिल होंगे। उनके साथ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और गृह मंत्री अमित शाह भी रोड शो में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री का रोड शो एयरपोर्ट से शुरू हो कर वीरचंद पटेल पथ, आयकर चौराहा होते हुए गांधी मैदान तक जाएगा। सम्राट कैबिनेट के विस्तार और पीएम के रोड शो को लेकर राजधानी को भव्य तरीके से सजाया गया है वहीं रोड शो के रूट पर चप्पे चप्पे पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
निशांत भी लेंगे शपथ
एक और सूत्र से मिली जानकारी के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने मंत्रिमंडल में शामिल होने को लेकर अपनी सहमति दे दी है। निशांत ने पहले उप मुख्यमंत्री पद का शपथ लेने से मना कर दिया था लेकिन अब कहा जा रहा है कि वह कैबिनेट में शामिल होने के लिए मान गए हैं और गुरुवार को मंत्रिपद की शपथ लेंगे। उनके साथ ही जदयू से> श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, लेसी सिंह, मदन सहनी, जमा खां, सुनील कुमार, शीला मंडल, रत्नेश सदा, बुलो मंडल, भगवान सिंह कुशवाहा, दामोदर रावत मंत्रिमंडल में शामिल हो सकते हैं।
बीजेपी पुराने चेहरों पर जताएगी भरोसा
इसके साथ ही भाजपा कोटे से विजय कुमार सिन्हा, मंगल पांडेय, रामकृपाल यादव और दिलीप जायसवाल जैसे बड़े नेताओं के नाम सामने आ रहा है, वहीं श्रेयसी सिंह, लखेंद्र पासवान, संगीता कुमारी, रमा निषाद, प्रमोद कुमार चंद्रवंशी, अरुण शंकर प्रसाद और संजय सिंह टाइगर जैसे नाम भी चर्चा में हैं। पार्टी जातीय और क्षेत्रीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुए अंतिम सूची तय कर सकती है। एनडीए के सहयोगी दलों में चिराग पासवान की लोजपा (रा) से संजय कुमार और संजय कुमार सिंह के नाम आगे बताए जा रहे हैं जबकि जीतन राम मांझी की पार्टी हम से संतोष सुमन और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी रालोमो से दीपक प्रकाश के मंत्री बनने की संभावना जताई जा रही है।


Post a comment