भागलपुर में नागरिक समाज का धरना, गिरफ्तार छात्रों की रिहाई और मुकदमे वापस लेने की उठी मांग

भागलपुर: भागलपुर में नागरिक समाज की ओर से अंबेडकर चौक पर एक दिवसीय धरना आयोजित किया गया। धरना का मुख्य उद्देश्य नीट पेपर लीक मामले में प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार किए गए छात्रों की रिहाई, उन पर दर्ज मुकदमों की वापसी और भविष्य में किसी भी प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई नहीं करने की मांग को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करना था। भागलपुर के अंबेडकर चौक पर नागरिक समाज के बैनर तले आयोजित इस धरना में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों और छात्रों ने भाग लिया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि नीट पेपर लीक के खिलाफ छात्रों ने लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज़ उठाई थी, लेकिन उनके खिलाफ गिरफ्तारी और मुकदमे दर्ज करना उचित नहीं है।

धरना में शामिल वक्ताओं ने मांग की कि गिरफ्तार छात्रों को अविलंब रिहा किया जाए। दर्ज सभी मुकदमे वापस लिए जाएं और भविष्य में आंदोलन में शामिल छात्रों के खिलाफ किसी प्रकार की प्रशासनिक या कानूनी कार्रवाई नहीं की जाए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि छात्र अपने भविष्य और शिक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता के लिए आवाज़ उठा रहे थे, इसलिए सरकार को उनकी मांगों पर संवेदनशीलता के साथ विचार करना चाहिए। धरना शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, जहां नागरिक समाज ने प्रशासन से छात्रों के हित में शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।

  

Related Articles

Post a comment