पटना की सड़कों पर संग्राम के बाद सदन में आपस में भिड़ा पक्ष-विपक्ष, मारपीट की आई नौबत
- by Manjesh Kumar
- 23-Jul-2026
- Views
पटना: राजधानी पटना में बुधवार को छात्रों का उग्र प्रदर्शन का मामला गुरुवार को विधानसभा में हावी रहा। इस मुद्दे को लेकर सदन में विपक्ष ने जम कर हंगामा किया। हंगामे के बीच पक्ष विपक्ष के बीच मारपीट तक की नौबत आ गई जिसके बाद मार्शलों के हस्तक्षेप से सभी को अलग किया गया। सदन में भाजपा विधायक ने एक तरफ विपक्ष पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया तो दूसरी तरफ विपक्ष ने सरकार के विरुद्ध जम कर हंगामा किया। हंगामे की वजह से सदन की प्रथम पाली में कोई बातचीत या काम नहीं हुआ।
भाजपा के पिपरा विधायक श्यामबाबू यादव और आईआईपी विधायक आईपी गुप्ता सहित पक्ष और विपक्ष के बीच मारपीट की स्थिति उत्पन्न हो गयी। बड़ी मुश्किल से लगभग आधा दर्जन मार्शलों और विधायकों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को संभाला। इस हंगामे के बीच विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही भोजनावकाश तक के लिए स्थगित कर दी। विधानसभा की प्रथम पाली जैसे ही आरंभ हुई कि राजद के नेतृत्व में संपूर्ण विपक्ष छात्रों के प्रदर्शन के दौरान बल प्रयोग के विरोध में पाेस्टर लिए अपनी सीट पर खड़े होकर नारेबाजी करने लगे। विधानसभा अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार ने आरंभ में कहा कि शून्यकाल में बात रखने का मौका देंगे। इस पर विपक्ष के सदस्य बैठ गए। इसी बीच भाजपा के पिपरा से विधायक श्यामबाबू यादव अपनी सीट पर खड़े हो गए।
विधानसभा अध्यक्ष ने उन्हें अपनी बात कहने का मौका दे दिया। श्यामबाबू ने कहा कि कल जो छात्र प्रदर्शन कर रहे थे वे छात्र नहीं हो सकते। वे गुंडे थे। डाकबंगला चौराहे पर मेरी गाड़ी खड़ी थी। गाड़ी पर उन्होंने हमला किया। एक अन्य भाजपा विधायक भी खड़े हो गए। इस पर विपक्ष के लोग फिर नारेबाजी करने लगे। इसी हंगामे के बीच श्यामबाबू यादव व आईपी गुप्ता में कहा सुनी हो गयी। काफी तल्खी के साथ श्यामबाबू यादव वेल में पहुंच कर आक्रमक अंदाज में आईपी गुप्ता की ओर बढ़े। तुरंत लगभग आधा दर्जन मार्शल वेल में पहुंच गए और श्यामबाबू को रोका। इसी दौरान पक्ष और विपक्ष के कई विधायक भी आक्रमक होकर एक-दूसरे की ओर बढ़ गए। कई विधायकाें ने एक-दूसरे को रोका तब जाकर स्थिति काबू में आयी। दोनों पक्ष ने एक दूसरे को मुक्का भी दिखाया।


Post a comment