रौतिनिया कचरा प्रोसेसिंग प्लांट का शुभारंभ, अब प्रतिदिन होगा 300 से 500 टन कचरे का निस्तारण
- by Manjesh Kumar
- 01-Aug-2026
- Views
मुजफ्फरपुर: जिले के कांटी विधानसभा के मड़वन प्रखंड के रौतिनिया स्थित बहुप्रतीक्षित कचरा प्रोसेसिंग प्लांट का शनिवार को विधिवत शुभारंभ हो गया। स्थानीय विधायक ई अजीत कुमार एवं अपर समाहर्ता धनंजय कुमार ने नगर विधायक रंजन कुमार, मेयर निर्मला साहू तथा उप मेयर मोनालिशा की मौजूदगी में नारियल फोड़कर एवं प्लांट का स्विच ऑन कर इसका उद्घाटन किया। वर्षों से कचरे के ढेर, बदबू और मक्खी-मच्छरों की समस्या से जूझ रहे आसपास के ग्रामीणों ने इस अवसर को ऐतिहासिक बताया। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक ई अजीत कुमार ने कहा कि फिलहाल प्लांट में सूखे कचरे का निष्पादन शुरू किया गया है। लगभग 15 दिनों बाद गीले कचरे के प्रसंस्करण के साथ उससे गैस बनाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को दुर्गंध, मक्खी और मच्छरों की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी। यह कांटी विधानसभा क्षेत्र के लिए सबसे सुखद दिनों में से एक है। विधायक ने बताया कि प्लांट में अत्याधुनिक प्रोमेल मशीन लगाई गई है, जिसके माध्यम से प्रतिदिन 300 से 500 टन कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाएगा। मशीन की सहायता से कचरे से मिट्टी, प्लास्टिक, कागज एवं अन्य सामग्री को अलग-अलग कर उनका उचित प्रबंधन किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि बिहार विधानसभा की प्राक्कलन समिति के विधायकों का दल भी जल्द ही इस प्लांट का निरीक्षण करेगा।
कार्यक्रम में कांटी सीओ मुकेश कुमार, मड़वन सीओ पुष्कल कुमार, कार्यपालक अभियंता विजय कुमार, सहायक अभियंता, नगर पार्षद राजीव कुमार पंकू, अभिमन्यु चौहान, मो इकबाल, मो. सैफ अली, सनत कुमार, अजय ओझा, अर्चना पंडित, जदयू प्रखंड अध्यक्ष मो शमीम, पूर्व प्रमुख मो. मोहसीन, मोतीउर रहमान, मनोज सिंह, मो अली अहमद, अजय चौधरी, सुरेश सिंह, मो जाबिर, मो. मोहिब सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे। स्थानीय ग्रामीणों ने कहा कि वे करीब 70 वर्षों से कचरे, गंदगी, बदबू और मक्खी-मच्छरों की समस्या झेल रहे थे। कचरा प्रोसेसिंग प्लांट के शुरू होने से अब स्वच्छ वातावरण के साथ बेहतर जीवन की उम्मीद जगी है। उद्घाटन के दौरान लोगों ने इस पहल को क्षेत्र के विकास और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया।
मुजफ्फरपुर से रूपेश कुमार की रिपोर्ट


Post a comment