मिट्टी का चूल्हा नहीं बनाया तो रसोइयों को धक्का देकर निकाला, एचएम पर गंभीर आरोप
- by Manjesh Kumar
- 30-Jul-2026
- Views
शेखपुरा: जिले के अरियरी प्रखंड अंतर्गत कसार थाना क्षेत्र के बरसा मध्य विद्यालय में प्रधानाध्यापिका और रसोइयों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। विद्यालय की दो रसोइयों ने प्रधानाध्यापिका पर अभद्र व्यवहार, हाथ पकड़कर धक्का देने और विद्यालय से बाहर निकालने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना को लेकर शिक्षा विभाग की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं। रसोइया शीला देवी और रेनू देवी ने बताया कि प्रधानाध्यापिका चंचला देवी ने उन्हें मिट्टी का चूल्हा बनाने का निर्देश दिया था। उनका कहना है कि सरकार द्वारा मध्याह्न भोजन योजना के तहत गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया गया है, ऐसे में मिट्टी का चूल्हा बनाना उचित नहीं है। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो प्रधानाध्यापिका कथित रूप से नाराज हो गईं और हाथ पकड़कर धक्का देते हुए विद्यालय से बाहर निकाल दिया।
दूसरी ओर, इस मामले में प्रधानाध्यापिका चंचला देवी ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में किसी कारणवश गैस उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में बच्चों का मध्याह्न भोजन बाधित न हो, इसलिए वैकल्पिक व्यवस्था के तहत मिट्टी का चूल्हा तैयार करने के लिए कहा गया था। उन्होंने रसोइयों के साथ धक्का-मुक्की या दुर्व्यवहार की बात को पूरी तरह निराधार और झूठा बताया। इधर, स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि प्रधानाध्यापिका स्थानीय प्रभावशाली परिवार से संबंध रखती हैं, जिसके कारण विद्यालय में उनका दबदबा बना रहता है। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। फिलहाल मामला आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित है। अब सबकी निगाहें शिक्षा विभाग पर टिकी हैं कि वह पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाता है या नहीं। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि आरोप सही हैं या बेबुनियाद।


Post a comment