NDA रहा एकजुट तो तेजस्वी के अपने ने ही दे दिया दगा, राज्यसभा चुनाव का परिणाम रहा चौंकाने वाला
- by Raushan Pratyek Media
- 17-Mar-2026
- Views
पटना: सोमवार को बिहार की सियासत में बड़ा उलटफेर देखने को मिला और इस दौरान NDA ने बिहार की 5 राज्यसभा सीटों पर अपना कब्जा कर लिया। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने कम पड़ रहे वोटों की व्यवस्था तो कर ली लेकिन उनके अपने ही विधायकों ने मतदान से दूरी बना ली और परिणाम के दौरान राजद उम्मीदवार को हार का सामना करना पड़ा। सोमवार सुबह 9 बजे से शुरू हुए मतदान में NDA के सभी 202 विधायकों ने विधानसभा पहुंच कर मतदान किया वहीं विपक्ष के चार विधायक नहीं पहुंचे। नहीं पहुंचने वाले विधायकों में तीन कांग्रेस के और एक राजद के हैं। इन चार विधायकों का मतदान के लिए नहीं पहुंचना ने पूरा खेल ही पलट दिया। वोटिंग के लिए नहीं पहुंचे विधायकों में वाल्मिकीनगर से कांग्रेस विधायक सुरेंद्र प्रसाद, फारबिसगंज के कांग्रेस विधायक मनोज विश्वास, मनिहारी के कांग्रेस विधायक मनोहर प्रसाद सिंह और ढाका के राजद विधायक फैसल रहमान हैं।
पहले राउंड में आगे रहे RJD उम्मीदवार
महागठबंधन के विधायकों की उलटफेर की वजह से प्रथम वरीयता मतगणना में NDA के चार उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की तो द्वितीय वरीयता के मतगणना में अंतिम उम्मीदवार भी जीत गए और महागठबंधन के उम्मीदवार अमरेंद्रधारी सिंह को हार का सामना करना पड़ा। राज्यसभा चुनाव में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को 44, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को 44, रालोमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा को 42 और केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर को 42 वोट मिले जबकि भाजपा के शिवेश कुमार को 30 और राजद के अमरेंद्रधारी सिंह को 37 वोट मिले।
दूसरी वरीयता की गिनती में NDA को मिली बढ़त
चुनाव में जीत के लिए आवश्यक 41 वोटों का आंकड़ा पार कर लेने की वजह से चार उम्मीदवार प्रथम वरीयता में ही विजयी हो गए जबकि पांचवीं सीट के लिए NDA और महागठबंधन के उम्मीदवार ने आवश्यक आंकड़ा को नहीं छुआ जिसके बाद दूसरी वरीयता की गिनती की गई और उसमें NDA उम्मीदवार शिवेश कुमार ने जीत दर्ज कर ली। राज्यसभा की सभी पांच सीट जीतने के बाद NDA के कार्यकर्ताओं में काफी जोश दिखा और सबने विधानसभा परिसर में भी जय श्री राम के नारे लगाए। पहली बार सांसद बनने के बाद BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन भी विधानसभा पहुंचे थे जिसके बाद NDA विधायकों का जोश और भी बढ़ गया। राज्यसभा चुनाव में मिली हार के बाद नेता प्रतिपक्ष एवं राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने भाजपा पर षडयंत्र करने का आरोप लगाया और कहा कि वे अंतिम सांस तक भाजपा के विरुद्ध लड़ते रहेंगे।
मंजेश कुमार


Post a comment