रेलवे बोर्ड के सदस्य से मिले सांसद, की पूर्णिया कोर्ट को नई एक्सप्रेस ट्रेन और पटना-पूर्णिया रात्रिकालीन सेवा से जोड़ने की मांग
- by Manjesh Kumar
- 24-Jul-2026
- Views
पुर्णिया: पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने रेलवे बोर्ड के सदस्य (संचालन एवं व्यवसाय विकास) डॉ मनोज सिंह से मुलाकात कर सीमांचल की रेल सुविधाओं से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाया। उन्होंने दानापुर–सहरसा के बीच प्रस्तावित नई एक्सप्रेस ट्रेन में पूर्णिया कोर्ट स्टेशन को शामिल करने, पटना–पूर्णिया कोर्ट के बीच अलग रात्रिकालीन ट्रेन सेवा शुरू करने तथा जोगबनी–दानापुर वंदे भारत एक्सप्रेस का पाटलिपुत्र स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने की मांग की। सांसद पप्पू यादव ने रेलवे बोर्ड को सौंपे ज्ञापन में कहा कि पूर्व मध्य रेलवे, हाजीपुर ने 22 जुलाई 2026 को दानापुर–सहरसा के बीच नई एक्सप्रेस ट्रेन का प्रस्ताव भेजा है, लेकिन इसमें पूर्णिया संसदीय क्षेत्र को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया है। उन्होंने इसे सीमांचल की जनता के साथ अन्याय बताते हुए कहा कि पूर्णिया कोर्ट स्टेशन को हाल ही में रेलवे ने NSG-6 से उन्नत कर NSG-3 श्रेणी में शामिल किया है, जो सहरसा जंक्शन के समान श्रेणी का स्टेशन है। ऐसे में नई ट्रेन सेवा से पूर्णिया कोर्ट को बाहर रखना तर्कसंगत नहीं है।
उन्होंने बताया कि पूर्णिया कोर्ट स्टेशन से प्रतिदिन करीब डेढ़ दर्जन ट्रेनों का परिचालन होता है और लगभग 50 हजार यात्री प्रतिदिन इस स्टेशन का उपयोग करते हैं। स्टेशन के आरक्षण काउंटर से दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और पंजाब सहित विभिन्न गंतव्यों के लिए हर महीने लगभग 12 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त होता है। इसके अलावा स्टेशन के विकास के लिए 6.22 करोड़ रुपये की योजना पर भी कार्य चल रहा है। ऐसे महत्वपूर्ण स्टेशन की अनदेखी से क्षेत्र के लाखों यात्रियों, किसानों, छात्रों और व्यापारियों की उम्मीदों को ठेस पहुंचेगी। सांसद पप्पू यादव ने डॉ मनोज सिंह को बताया कि वे इस विषय पर कई बार रेल मंत्री से भी मिल चुके हैं। उन्होंने विशेष रूप से पटना और पूर्णिया कोर्ट के बीच अलग रात्रिकालीन ट्रेन सेवा शुरू करने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि वर्तमान में रात के समय सीधी रेल सेवा का अभाव है, जिससे नौकरीपेशा लोगों, छात्रों, मरीजों और व्यवसायियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने आग्रह किया कि संचालन एवं व्यवसाय विकास से जुड़े विषय रेलवे बोर्ड के अधिकार क्षेत्र में आते हैं, इसलिए इस मामले में शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाए।
मुलाकात के दौरान सांसद ने जोगबनी–दानापुर वंदे भारत एक्सप्रेस का पाटलिपुत्र स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने का भी अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि सीमांचल लंबे समय से बेहतर रेल संपर्क की मांग कर रहा है और अब समय आ गया है कि पूर्णिया सहित पूरे क्षेत्र को उसकी जनसंख्या, यात्री संख्या और आर्थिक महत्व के अनुरूप रेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने उम्मीद जताई कि रेलवे बोर्ड जनभावनाओं का सम्मान करते हुए पूर्णिया कोर्ट स्टेशन को प्रस्तावित नई एक्सप्रेस ट्रेन में शामिल करेगा और पटना–पूर्णिया कोर्ट रात्रिकालीन ट्रेन सेवा को जल्द मंजूरी देगा।


Post a comment