Lalu Yadav को खाली करना ही पड़ेगा राबड़ी आवास, भवन निर्माण विभाग ने फिर जारी किया नोटिस

पटना: बिहार की राजनीति से एक बार फिर बड़ी खबर सामने आ रही है। भवन निर्माण विभाग ने एक बार फिर राजद सुप्रीमो लालू यादव को 10 सर्कुलर रोड स्थित राबड़ी आवास खाली करने का नोटिस जारी किया है। भवन निर्माण विभाग ने विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी को नोटिस जारी कर जानकारी दी है कि आपको 10 सर्कुलर रोड आवास की जगह 39 हार्डिंग रोड आवास विगत वर्ष नवंबर महीने में आवंटित किया गया है और वर्तमान आवास खाली करने का नोटिस दिया गया। बावजूद इसके अब तक यह आवास खाली नहीं किया गया है।

भवन निर्माण विभाग ने राबड़ी देवी को जानकारी दी है कि 10 सर्कुलर रोड आवास अब डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के मंत्री नंदकिशोर राम को आवंटित किया गया है। भवन निर्माण विभाग ने नोटिस के जरिए राबड़ी देवी को यथाशीघ्र आवास खाली कर विभाग को जानकारी देने के लिए कहा है।

बता दें कि राबड़ी देवी अपने परिवार के साथ 10 सर्कुलर रोड में पिछले 20 वर्षों से रह रही हैं। यह आवास लंबे समय तक राबड़ी देवी और लालू यादव के राजनीतिक गतिविधियों का बड़ा केंद्र रहा है। आरजेडी के कई अहम फैसले और बैठकों का गवाह भी यही बंगला रहा है। इसी वजह से अब इस आवास का नए मंत्री को आवंटन राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।आवास खाली करने के नोटिस पर अब राजनीति भी शुरू हो गई है। राजद प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने कहा है कि यह आवास लगभग 20 वर्षों से अधिक समय से आवंटित था, लेकिन अब अचानक इसे किसी अन्य के नाम पर दे दिया गया है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर ऐसी कौन-सी परिस्थिति आ गई है, जब विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी को आवास खाली करने का नोटिस दिया जा रहा है।

  

Related Articles

Post a comment