पूर्णिया में टला बड़ा हादसा, कार पर गिरा पेड़, बाल - बाल बचे कई लोग
- by Manjesh Kumar
- 17-Aug-2026
- Views
पूर्णिया: जिले के लाइन बाजार स्थित फणीश्वर नाथ टीओपी के समीप तेज बारिश के बाद एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सड़क किनारे खड़े एक कार के ऊपर अचानक पेड़ की भारी टहनी टूटकर गिर गई। कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। किशनगंज पॉलिटेक्निक में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत मूलरूप से भागलपुर निवासी चितरंजन कुमार अपनी मां को डॉक्टर से दिखाने के लिए लाइन बाजार स्थित एक निजी अस्पताल आए थे।
अस्पताल से निकलने के बाद वे कार स्टार्ट कर उसे निकालने की तैयारी कर रहे थे। जैसे ही उन्होंने कार स्टार्ट किया अचानक पेड़ की मोटी टहनी टूटकर कार के आगे वाले भाग के ऊपर जा गिरी। गनीमत रहा कि उस वक्त वे कार में ही थे। इसी दौरान बाइक से अपने परिवार के साथ मां को देखने निजी अस्पताल जा रहे अर्जुन कुमार भी पेड़ की टहनी की चपेट में आ गए। इस घटना मे वे उनकी पत्नी और बच्चा टहनी के नीचे फंस गए।
घटना के समय पास में मौजूद डॉयल 112 की पुलिस टीम और बाइकर्स पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिसकर्मियों ने सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना के बाद लोगों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। कार और पेड़ की क्षतिग्रस्त टहनी को देखकर हर कोई यही कहता नजर आया कि अगर कार के अंदर लोग बैठे होते तो बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस की तत्परता से कई लोगों की जान बच गई।


Post a comment