प्रेमी ने ही दोस्तों के साथ मिलकर की थी महिला की हत्या, पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल
- by Manjesh Kumar
- 17-Aug-2026
- Views
पूर्णिया: पूर्णिया पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए 3 अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बताया जा रहा है कि 14 अगस्त को मरंगा थाने के पीरगंज वार्ड 10 में पटसन के खेत से एक महिला का शव पुलिस ने बरामद किया था। घटना के संबंध में मृतक के परिजनों ने पति हबीबुर रहमान पर हत्या का आरोप लगाते हुए मरंगा थाने में मामला दर्ज कराया था। पुलिसिया जांच में खुलासा हुआ कि पति का इस हत्याकांड से कुछ लेना देना नहीं है बल्कि गांव के ही तीन अन्य लोगों ने मिलकर महिला की हत्या की थी। घटना के उद्भेदन के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक शौर्य सुमन के निर्देश पर एक एसआईटी गठित की गई जिसमें मरंगा थाना प्रभारी कौशल कुमार सहित अन्य पुलिस कर्मी शामिल थे।
एसडीपीओ ने कहा कि प्रेम प्रसंग के मामले में घटना को अंजाम दिया गया। बताया जा रहा है कि मृत महिला नासरीन खातून का अपने पति से तलाक हो गया था। वह अपने मायके पूर्णिया पूर्व प्रखंड के वीरपुर में रहती थी। गांव के ही शमीम अख्तर के साथ नासरीन खातून का अनैतिक संबंध था। शमीम नासरीन से बराबर पैसे की मांग करता था। महिला के द्वारा रुपया नहीं देने पर शमीम केस करने और गांव के लोगों को इस संबंध में बता देने की धमकी भी दे रहा था। लिहाजा शमीम अख्तर ने महिला को रास्ते से हटाने की योजना बनाई और अपने सहयोगी जहांगीर आलम तथा मोहम्मद रकीम के साथ मिलकर 13 अगस्त की रात में नासरीन को पीरगंज स्थित बांसबिट्टी में बुलाया। फिर सर पर लोहे के राड से प्रहार कर हत्या कर दी और शव को पटसन के खेत में फेंक दिया।
सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने कहा कि मानवीय साक्ष्य संकलन के आधार पर हत्याकांड का खुलासा करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। बदमाशों के पास से पुलिस ने मृत महिला का टूटा हुआ टच स्क्रीन फोन, कान के सोने की बाली, घटना में इस्तेमाल लोहे का रिंच और खून लगा हुआ शर्ट बरामद किया। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।


Post a comment