मुझे लगा था कांग्रेस अपनी गलती सुधारेगी, देश के नाम संबोधन में PM ने नारी शक्ति वंदन संशोधन को लेकर विपक्ष पर किया जोरदार हमला
- by Pratyek Media
- 18-Apr-2026
- Views
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज देश को संबोधित करते हुए एक तरफ जहां अपनी सरकार की उपलब्धियां और प्राथमिकताएं बताई तो दूसरी तरफ विपक्ष पर करारा हमला भी किया। प्रधानमंत्री ने इस दौरान संसद में महिला आरक्षण विधेयक गिरने को लेकर कहा कि आज पूरा देश ने देखा कि महिलाओं की प्रगति कैसे रुक गई। हम अपने तमाम प्रयास के बावजूद सफल नहीं हो सके। हमारी कोशिश के बावजूद नारी शक्ति अधिनियम में संशोधन नहीं हो सका इसके लिए मैं देश की सभी माताओं और बहनों से क्षमा मांगता हूं। इस दौरान पीएम मोदी ने कांग्रेस समेत विपक्ष पर हमला करते हुए कहा कि आज कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने संसद में सबके सामने इस प्रयास की भ्रूण हत्या कर दी। इसके लिए कांग्रेस के साथ ही TMC, समाजवादी पार्टी और DMK जैसी पार्टियां जिम्मेदार और देश की नारी शक्ति के गुनाहगार हैं।
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि नारी अब कुछ भूल सकती हैं लेकिन अपना अपमान कभी नहीं भूल सकती। इसलिए संसद में कांग्रेस और उसके सहयोगियों के व्यवहार की कसक हर नारी के मन में हमेशा रहेगी। पीएम मोदी ने कहा कि आज विपक्षी पार्टियों ने संविधान निर्माताओं की भावना का अपमान किया है और उसके जनता की सजा से वे बच नहीं पाएंगे। नारी शक्ति वंदन संशोधन का मकसद किसी से कुछ छीनना नहीं था बल्कि सबको कुछ देना था। इससे महिलाओं को वह अधिकार मिलते जो पिछले 40 वर्षों से लंबित थे और 2029 के चुनाव में उन्हें मिलने वाले थे। यह उनके रास्ते से बाधाएं हटाने के लिए एक महायज्ञ था। आज नारी शक्ति वंदन संशोधन की आवश्यकता है।
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी परिसीमन को लेकर लगातार झूठ बोल रहे हैं, इसी बहाने से फूट की आग भड़काना चाहते हैं। कांग्रेस ने फूट डालो राज करो कि राजनीति अंग्रेजों से विरासत में सीखी है। आज भी कांग्रेस के लोग उसी नीति पर चल रहे हैं। कांग्रेस ने हमेशा उन भावनाओं को हवा दी है जिनसे देश के अंदर दरारें पैदा हो। कांग्रेस ने परिसीमन के संबंध में भी गलत जानकारी फैलाई जबकि इससे किसी भी राज्य का नुकसान नहीं होगा। सरकार ने पहले ही साफ कर दिया था कि किसी राज्य क प्रतिनिधित्व का अनुपात नहीं बदलेगा और न ही किसी का प्रतिनिधित्व कम होगा। सभी राज्यों की सीटें बराबर अनुपात में बढ़ाई जाएगी फिर भी विपक्ष मानने के लिए तैयार नहीं हुई और गलत जानकारी फैलाई।
देश को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि मैं उन पार्टियों को साफ साफ कहना चाहता हूं कि जिसने संसद में नारी शक्ति वंदन संशोधन का विरोध किया था ये लोग नारी शक्ति को हल्के में ले रहे हैं। वह भूल रहे हैं कि 21वीं सदी की महिलाएं देश में हो रही हर घटना पर बारीकी से नजर रख रही हैं। वह सब इरादों को समझती हैं और सच्चाई से भी वाकिफ हैं। महिला आरक्षण का विरोध करने वाले लोगों ने जो पाप किया है उन्हें उसकी सजा जरूर मिलेगी।
पीएम मोदी ने कहा कि मुझे व्यक्तिगत रूप से उम्मीद थी कि कांग्रेस अपनी दशकों पुरानी गलती सुधारेगी लेकिन कांग्रेस ने इतिहास रचने और महिलाओं के समर्थन में खड़ा होने का मौका गंवा दिया। देश के अधिकतर राज्यों में कांग्रेस अपना अस्तित्व खो चुकी है और एक परजीवी की तरह दूसरी पार्टियों के सहारे चलती है, लेकिन कांग्रेस यह भी नहीं चाहती कि क्षेत्रीय पार्टियां मजबूत हों।
पीएम मोदी ने कहा कि अपने आज मुझे यह देख कर गहरा दुख हुआ कि जब महिलाओं के कल्याण से जुड़ा यह प्रस्ताव गिर गया तो कांग्रेस और उनकी सहयोगी पार्टियों के नेता खुशी से तालियां बजा रहे थे। महिलाओं का अधिकार छीनने के बाद ये लोग मेज़ थपथपा रहे थे। यह महिलाओं के आत्म सम्मान और स्वाभिमान पर एक हमला था। जब जब देश की महिलाएं इन नेताओं को अपने क्षेत्र में देखेंगे तब उन्हें याद आएगा कि यही वे लोग थे जिन्होंने संसद में महिलाओं के लिए आरक्षण रोकने पर जश्न मनाया और खुशियां मनाई थी।


Post a comment