मासूम ने गलती से पी ली पेट्रोल, इलाज के दौरान चली गई जान, परिजनों में कोहराम

सुपौल: सुपौल जिले के प्रतापगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत टेकुना पंचायत के वार्ड नंबर 9 में मंगलवार को दर्दनाक हादसे में दो वर्षीय मासूम की मौत हो गई। मृतक की पहचान करजाइन थाना क्षेत्र के बायसी गांव निवासी नीरज कुमार के पुत्र परमजीत कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, परमजीत अपने माता-पिता के साथ नाना-नानी के घर घूमने आया था। घर में गाय के घाव के उपचार के लिए एक बोतल में थोड़ा पेट्रोल रखा हुआ था। इसी दौरान बच्चा खेलते-खेलते वहां पहुंच गया और बोतल से पेट्रोल पी लिया।

बच्चे के पेट्रोल पीने की जानकारी मिलते ही परिजन उसे तत्काल प्रतापगंज सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए राघोपुर अस्पताल रेफर कर दिया। राघोपुर में भी इलाज के बाद बच्चे को बेहतर उपचार के लिए सुपौल सदर अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि, सुपौल पहुंचने से पहले ही रास्ते में मासूम ने दम तोड़ दिया। मृतक के दादा ने बताया कि उन्हें फोन पर सूचना मिली थी कि परमजीत ने पेट्रोल पी लिया है। सूचना मिलते ही वे अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक बच्चे की हालत गंभीर हो चुकी थी।

मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। माता-पिता, नाना-नानी समेत परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, घटना से गांव में भी मातम का माहौल है। परिजनों और ग्रामीणों ने बताया कि किसी ने नहीं सोचा था कि नाना-नानी के घर खुशी से घूमने आया मासूम इस तरह परिवार को हमेशा के लिए छोड़ जाएगा।

  

Related Articles

Post a comment