साधु के वेश में संसद पहुंचे पप्पू यादव फिर विपक्षी सांसदों के साथ मिल कर किया ऐसा कि भड़की भाजपा, लोकसभा अध्यक्ष ने भी दे डाली चेतावनी

नई दिल्ली: संसद का मानसून सत्र चल रहा है और लगातार दूसरे सप्ताह भी विपक्ष विभिन्न मुद्दों को लेकर हंगामा करता हुआ दिख रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव साधु के वेश में संसद पहुंचे। वहां परिसर में वह दान पात्र लेकर जमीन पर बैठ गए जिसके बाद राहुल गांधी समेत कई विपक्षी सांसदों ने उनके दान पात्र में रुपए डाले। बाद में कुछ सपा सांसदों ने पप्पू यादव को चारों तरफ से ऐसे पकड़ लिया जैसे किसी चोर को पकड़ रहे हों वहीं पूर्णिया सांसद हाथ जोड़े खड़ा रहे। दरअसल पप्पू यादव विपक्षी सांसदों के साथ अयोध्या राम मंदिर में दान चोरी का प्रतीकात्मक विरोध कर रहे थे। अब विपक्ष के इस अजीबोगरीब विरोध पर राजनीति तेज हो गई है और भाजपा ने इसे सनातन विरोधी और मजाक उड़ाने वाली हरकत बताया जबकि कुछ साधु संतों ने भी अपना विरोध दर्ज कराया है।

मामले में भाजपा के फायरब्रांड नेता और केंद्रीय मंत्री सह बेगूसराय के सांसद गिरिराज सिंह ने भी अपनी तीखी प्रतिक्रिया दी है। गिरिराज सिंह ने कहा कि आस्था के नाम पर खिलवाड़ करने वाले हर दोषी को कानून सजा देगा, लेकिन इसकी आड़ में सनातन को निशाना बनाने वालों का असली चेहरा आज उजागर हो गया। साधु-संत का वेश बनाकर चोरी का घटिया नाटक करना इनकी नफरती सोच का प्रमाण है। जो कल तक 'भगवा' को बदनाम करते थकते नहीं थे, आज वही राम मंदिर के नाम पर घड़ियाली आंसू बहाकर सनातन को नीचा दिखाने पर तुले हैं!

वहीं लोकसभा की कार्यवाही के दौरान भी विपक्षी सांसदों ने जम कर हंगामा किया। विपक्षी सांसदों ने गृह मंत्री अमित शाह के संसद से अनुपस्थित होने का मुद्दा बनाया और कहा कि उन्हें सदन में आकर विपक्ष के सवालों का जवाब दें। वहीं लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने पप्पू यादव समेत विपक्ष के सांसदों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि आपलोगों को जनता ने उनके हित में काम करने के लिए चुन कर भेजा है लेकिन आपलोग तरह तरह के कपड़े पहन कर सदन में आते हैं और अलग अलग हरकतें करते हुए हंगामा करते हैं यह सदन की मर्यादा के विरुद्ध है।

  

Related Articles

Post a comment