प्रियंका गांधी पर बरसे पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव, कहा विपक्ष खत्म हो रहा, दो वर्ष बीत जाने के बाद भी...
- by Manjesh Kumar
- 11-May-2026
- Views
पूर्णिया: लोकसभा चुनाव के दौरान गठबंधन में पूर्णिया सीट राजद के पास चले जाने के बावजूद कांग्रेस से बगावत कर पप्पू यादव ने निर्दलीय ही चुनाव लड़ा और जीत भी हासिल की। चुनाव जीतने के बाद भी पप्पू यादव अपने आप को हमेशा कांग्रेस का सांसद बताते हैं और बिहार में होने वाली हर छोटी बड़ी घटनाओं को लेकर आवाज उठाते हैं। इन दिनों विभिन्न मुद्दों को लेकर पप्पू यादव सोशल मीडिया के जरिए भी आवाज उठाते हुए देखे जा रहे हैं। रविवार को पप्पू यादव ने सोशल मीडिया पर लाइव आ कर एक तरफ जहां विपक्ष पर जम कर हमला बोला तो दूसरी तरफ कांग्रेस पर भी सवाल उठाए। पप्पू यादव ने प्रियंका गांधी को लेकर भी अपना गुस्सा जाहिर किया।
सोशल मीडिया लाइव में पप्पू यादव ने कहा कि विपक्ष का मतलब ही है कि किसी भी गलत बात पर सरकार को आईना दिखाए, लेकिन बिहार का विपक्ष सिर्फ सोशल मीडिया पर हल्ला कर रहा है जबकि उसे सड़क पर आना चाहिए। कितना भी बड़ा मुद्दा हो विपक्ष सड़क पर नहीं आ रहा, बस सोशल मीडिया पर हल्ला करता है। यही वजह है कि जनता हमसे दूर होते जा रही है और चोर लुटेरों को समर्थन दे रही है। अब हम तो खत्म हो चुके हैं। पप्पू यादव ने कहा कि आज यहां सबको सिर्फ कुर्सी चाहिए लेकिन वह मिल जाने के बाद कोई काम नहीं करता। मैं बिहार में कांग्रेस समर्थित हूं लेकिन मेरे पास निर्णय लेने की क्षमता नहीं है। हमने प्रियंका गांधी से जिम्मेदारी देने की मांग की थी लेकिन दो वर्ष बीत जाने के बाइजूद मुझे नहीं दी है। विपक्ष कुछ नहीं करेगा, हम तो खत्म हो गए, लेकिन अभी समय है बिहार को संभाल लीजिए।


Post a comment