पंचायत चुनाव से पहले पूरी की जाएगी यह प्रक्रिया, पंचायती राज मंत्री ने कहा 'काम पूरा होने के बाद ही डाले जाएंगे वोट'
- by Manjesh Kumar
- 02-Aug-2026
- Views
शिवहर: बिहार में अगले वर्ष पंचायत चुनाव को लेकर सरकार और जमीनी स्तर पर कवायद शुरू हो गई है। इस बीच भावी प्रत्याशियों में परिसीमन को लेकर भी उहापोह का माहौल है। पंचायत चुनाव में परिसीमन पर चल रहे अटकलों पर अब बिहार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने विराम लगा दिया। दो दिवसीय दौरा पर शिवहर पहुंचे मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि परिसीमन प्रक्रिया के बाद ही राज्य में पंचायत चुनाव कराया जाएगा। परिसीमन कार्य संपन्न होने के बाद ही पंचायत चुनाव को लेकर अधिसूचना जारी की जाएगी। मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार पंचायती राज व्यवस्था को अधिक सशक्त और प्रभावी बनाने के लिए निरंतर काम कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है, जिससे शीघ्र ही पंचायतों का स्वरूप बदला हुआ नजर आएगा।
मंत्री ने जनप्रतिनिधियों के मानदेय और पंचायत सरकार भवनों के निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा भी की। विकास कार्यों का विवरण देते हुए उन्होंने कहा कि शिवहर जिले में 17 पंचायत सरकार भवनों का निर्माण चल रहा है, जबकि 49 स्थलों के लिए स्वीकृति दी जा चुकी है। अब तक 15 भवन बनकर तैयार हो चुके हैं, जिनमें से 11 में आरटीपीएस केंद्र और 7 में आधार सेवा संचालित है। इसके अलावा जिले में मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के तहत 7,810 लाइटें लगाई जा चुकी हैं। सामाजिक कल्याण की योजनाओं का जिक्र करते हुए मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप योजना के लिए जिले की 19 पंचायतों का चयन किया गया है। वहीं मोक्षधाम योजना के तहत शिवहर की 53 में से 38 पंचायतों में शवदाह गृहों का निर्माण जल्द शुरू कराया जाएगा, जिसके लिए प्राक्कलन तैयार हो रहा है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि वर्ष 2025-2026 में शिवहर जिला परिषद को विभिन्न संसाधनों से 1.61 करोड़ रुपये से अधिक की आय प्राप्त हुई।


Post a comment