21 पंचायतों में लगेंगे 50,400 पौधे, हर पंचायत में 12 यूनिट पौधारोपण का लक्ष्य
- by Manjesh Kumar
- 10-Aug-2026
- Views
कटिहार: प्रखंड की 21 पंचायतों में बड़े पैमाने पर पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अभियान के तहत कुल 252 यूनिट में 50,400 पौधे लगाए जाएंगे। प्रत्येक पंचायत में 12 यूनिट पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पौधों को सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक स्थल पर गैबियन की व्यवस्था की जाएगी। पौधारोपण कार्यक्रम को निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने को लेकर सोमवार को जिला के अधिकृत वेंडरों एवं पंचायत रोजगार सेवकों (पीआरएस) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पौधारोपण के लिए उपयुक्त स्थल के चयन, पौधों की उपलब्धता, गैबियन लगाने तथा कार्य को समय पर पूरा कराने को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।
21 पंचायतों में 252 यूनिट का लक्ष्य
अभियान के तहत प्रखंड की सभी 21 पंचायतों को पौधारोपण का लक्ष्य दिया गया है। प्रत्येक पंचायत में 12 यूनिट के हिसाब से कुल 252 यूनिट में पौधे लगाए जाएंगे। एक यूनिट में 200 पौधे लगाए जाने के अनुसार अभियान के तहत कुल 50,400 पौधों का रोपण किया जाना है। अधिकारियों ने पंचायत स्तर पर स्थल चयन में विशेष सावधानी बरतने का निर्देश दिया, ताकि लगाए गए पौधों को पर्याप्त जगह, मिट्टी और पानी उपलब्ध हो सके तथा उनका बेहतर तरीके से संरक्षण किया जा सके।
जीविका उपलब्ध कराएगी पौधे, वेंडर लगाएंगे गैबियन
बैठक में बताया गया कि पौधों की उपलब्धता जीविका के माध्यम से कराई जाएगी। वहीं, पौधों की सुरक्षा के लिए आवश्यक गैबियन जिला के अधिकृत वेंडरों द्वारा उपलब्ध कराया जाएगा। गैबियन लगाए जाने से पौधों को पशुओं एवं अन्य कारणों से होने वाले नुकसान से बचाने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं रहने, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
समय सीमा में कार्य पूरा करने का निर्देश
बैठक में कार्यक्रम पदाधिकारी श्याम देव कुमार ने सभी पंचायत रोजगार सेवकों को निर्धारित समय सीमा के अंदर पौधारोपण कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पौधारोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों की सुरक्षा और देखभाल भी सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि अभियान का वास्तविक लाभ लंबे समय तक मिल सके। उन्होंने पंचायत रोजगार सेवकों को स्थल चयन से लेकर पौधारोपण, गैबियन लगाने और पौधों के संरक्षण तक की प्रक्रिया पर लगातार निगरानी रखने को कहा।
बैठक में पीटीए रणविजय सिंह, राजीव रंजन, पीआरएस कुंदन कुमार, राजकुमार साह, अखबार अली, बबलू हेम्ब्रम, कृत्यानंद मंडल, मो शकील, नैय्यर आलम, राजकुमार, नसरुद्दीन, अशोक ठाकुर, जेई सुधीर मंडल, मुकेश कुमार, बीएफटी इम्तियाज और एहतेशाम सहित अन्य कर्मी मौजूद थे।


Post a comment