44 हजार किलोमीटर साइकिल यात्रा पूरी कर बेगूसराय पहुंचे ऑक्सीजन मैन, 1 लाख पेड़ लगाने का लक्ष्य ले निकले हैं राजस्थान से...
- by Manjesh Kumar
- 26-Jul-2026
- Views
बेगूसराय: अधिक से अधिक पेड़ लगाने के लिए लोगों को प्रेरित करने और अब तक देश भर में कई जगहों पर पौधारोपण कर चुके कई पुरस्कारों से सम्मानित ऑक्सीजन मैन पप्पू राम चौधरी बेगूसराय पहुंचे। बेगूसराय में मारवाड़ी युवा मंच ने उनका स्वागत किया। राजस्थान के प्रसिद्ध पर्यावरणविद् ऑक्सीजन मैन के नाम से मशहूर पप्पू राम चौधरी देश भर में 60 हजार किलोमीटर से अधिक की साइकिल यात्रा पर निकले हैं। अब तक उन्होंने करीब 44 हजार किलोमीटर से अधिक यात्रा पूरी कर ली है। बेगूसराय के बाद वे अपनी इस यात्रा को आगे बढ़ाते हुए राजधानी पटना के लिए प्रस्थान करेंगे।
अपनी इस असाधारण राष्ट्र सेवा और सामाजिक जागरूकता अभियानों के लिए पप्पू राम चौधरी को देश के विभिन्न राज्यों के राज्यपालों और कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों द्वारा प्रशस्ति पत्र व सम्मान देकर सम्मानित किया जा चुका है। बेगूसराय आगमन पर मारवाड़ी युवा मंच ने उनका भव्य स्वागत किया। मंच के अध्यक्ष रवि रुंगटा और सचिव नारायण मस्करा के नेतृत्व में सभी सदस्यों ने पप्पू चौधरी को माला व अंगवस्त्र पहनाकर और राष्ट्रीय ध्वज सौंपकर उनका हौसला बढ़ाया। मारवाड़ी युवा मंच के सौजन्य से उनके जीडी कॉलेज के पास स्थित एक निजी होटल में रात्रि विश्राम और भोजन की समुचित व्यवस्था की गई। होटल परिसर में मंच के सदस्यों ने उनके साथ पर्यावरण संरक्षण, नशा मुक्ति और समाज सुधार से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
इस अवसर पर मंच के मीडिया प्रभारी अंकित गोयनका, पूर्व शाखा अध्यक्ष गौरव भारद्वाज, अंकित मेगोतिया, राहुल अग्रवाल, उमंग केडिया और उज्जवल केडिया सहित कई प्रमुख सदस्य और युवा उपस्थित थे। मंच के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से कहा कि विभिन्न राज्यों के राज्यपालों और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा सम्मानित पप्पू चौधरी का यह साहसिक प्रयास अत्यंत प्रेरणादायी है और मारवाड़ी युवा मंच हमेशा ऐसे राष्ट्रहित के कार्यों में सहयोग के लिए तत्पर रहता है। बेगूसराय में मीडिया से बात करते हुए पप्पू राम चौधरी ने मारवाड़ी युवा मंच के आतिथ्य का आभार व्यक्त किया और कहा, "मेरा लक्ष्य देश के युवाओं को नशे से दूर कर पर्यावरण संरक्षण (1 लाख पौधे लगाने का संकल्प) और फिट इंडिया मूवमेंट के प्रति जागरूक करना है। 44,000 किमी से अधिक का सफर पूरा कर आज बेगूसराय की धरती पर आकर मुझे बेहद खुशी हो रही है और यहाँ से मैं सीधे पटना के लिए अपनी यात्रा आगे बढ़ाऊंगा।" इस सफर को पूरा करने के बाद उनका अगला लक्ष्य माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराना है।


Post a comment