ऑपरेशन मुस्कान की बड़ी सफलता: शेखपुरा पुलिस ने 25 गुम मोबाइल बरामद कर असली मालिकों को लौटाए
- by Manjesh Kumar
- 11-Jun-2026
- Views
शेखपुरा:जिले में लगातार बढ़ रही मोबाइल गुमशुदगी की घटनाओं के बीच शेखपुरा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे "ऑपरेशन मुस्कान" के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। तकनीकी अनुसंधान और विभिन्न थानों में दर्ज मामलों के आधार पर पुलिस ने कुल 25 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। स्वामित्व का सत्यापन करने के बाद पुलिस अधीक्षक बलिराम कुमार चौधरी ने सभी मोबाइल उनके वास्तविक धारकों को सौंप दिए। इस अवसर पर एसपी बलिराम कुमार चौधरी ने कहा कि आम लोगों की खोई हुई संपत्ति वापस दिलाने के उद्देश्य से शेखपुरा पुलिस लगातार अभियान चला रही है। ऑपरेशन मुस्कान के तहत जिले के सभी थानों से मोबाइल गुमशुदगी से संबंधित सूचनाएं एकत्रित कर तकनीकी माध्यमों से उनकी खोज की जाती है।
एसपी ने कहा कि जनवरी 2025 से मई 2026 के बीच इस अभियान के तहत लगभग 250 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को वापस किए जा चुके हैं। ताजा बरामद किए गए 25 मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत 4 लाख 57 हजार रुपये बताई गई है। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने शेखपुरा पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया। पुलिस का कहना है कि आम जनता के चेहरे पर मुस्कान लाने के लिए ऑपरेशन मुस्कान आगे भी जारी रहेगा। शेखपुरा पुलिस ने भरोसा दिलाया कि वह जनता की सेवा और सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है।


Post a comment