आज से लालू यादव के पड़ोसी बन जाएंगे पूर्व सीएम नीतीश, 1 अणे मार्ग से सामान किया जा रहा शिफ्ट
- by Manjesh Kumar
- 01-May-2026
- Views
पटना: 20 वर्षों तक मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार का अब पता बदलने वाला है। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुक्रवार को अब 1 अणे मार्ग छोड़ कर 7 सर्कुलर रोड में शिफ्ट कर रहे हैं। शुक्रवार की सुबह से ही उनका सामान शिफ्ट किया जा रहा है। जिस बंगले में पूर्व सीएम नीतीश कुमार शिफ्ट कर रहे हैं उसे सजाने के लिए फूल माला लाया गया है जबकि उनके सामान ट्रैक्टर से शिफ्ट किए जा रहे हैं। यह आवास पूर्व मुख्यमंत्री और विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी के आवास के बगल में है। बता दें कि 2014 में कुछ दिनों के लिए जब जीतन राम मांझी सीएम बने थे उस वक्त भी नीतीश कुमार इस बंगले में ही रहे थे और अब एक बार फिर वह इस बंगले में रहने के लिए आए हैं।
बता दें कि नीतीश कुमार जिस बंगले में रहने जा रहे हैं उसे उन्होंने अपनी देखरेख में ही तैयार करवाया है। इस बंगले को वह मुख्यमंत्री कार्यालय के रूप में उपयोग कर रहे थे लेकिन अब वह खुद इस बंगले में रहेंगे। यह बंगला 1 अणे मार्ग के जैसा नहीं है लेकिन काफी अत्याधुनिक तकनीक से बना हुआ है। इसके अंदर काफी बड़ा लॉन है वहीं 6 बेडरूम है जबकि सुरक्षा की दृष्टि से भी यह बंगला काफी अच्छा है। पूरे परिसर की निगरानी सीसीटीवी से की जाती है जबकि वॉच टावर से भी सुरक्षा बल नजर रख सकते हैं। इसके अलावा यहां स्टाफ क्वार्टर भी मौजूद है। बंगला के चारों तरफ हरे भरे पेड़ हैं। लोगो से मुलाकात के लिए अलग जगह बना हुआ है।


Post a comment